Rain Alert: मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से केरलम, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और दक्षिण लक्षद्वीप से सटे दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में निम्न वायु दाब का क्षेत्र बना हुआ है. इसके कारण मौसमी गतिविधियां तेज हुई हैं. कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना बन रही है.
26 मई को केरलम में हो सकती है मानसून की दस्तक
मौसम विभाग ने सोमवार (18 मई) को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई को केरलम पहुंचने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के आगमन की तारीख में चार दिन तक का अंतर देखने को मिल सकता है. आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के अधिकांश हिस्सों और कन्याकुमारी क्षेत्र के कुछ भागों तक आगे बढ़ चुका है. इसके अलावा मानसून दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों तक भी पहुंच चुका है.
केरलम के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने केरलम के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है. आईएमडी के मुताबिक केरलम के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है. कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं त्रिशूर और पलक्कड़ को छोड़कर 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मंगलवार (19 जून) के लिए भी नौ जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है.
क्या होता है ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार ऑरेंज अलर्ट का मतलब 11 सेंटीमीटर से 20 सेंटीमीटर तक बहुत भारी बारिश की संभावना होता है. वहीं येलो अलर्ट 6 सेंटीमीटर से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश की चेतावनी को दर्शाता है.
