संसद के मानसून सत्र में जारी गतिरोध तीसरे सप्ताह में पहुंच गया है. इस बीच बुधवार (5 अगस्त) को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की. सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक का मकसद संसद में जारी गतिरोध खत्म करने का रास्ता तलाशना और सदन की कार्यवाही फिर से सुचारु रूप से शुरू कराने पर चर्चा करना था.
सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा की कार्यवाही हंगामे के कारण शुरू होने के कुछ ही मिनटों बाद स्थगित होने के तुरंत बाद किरण रिजिजू, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के रूम में पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच संसद में जारी गतिरोध को लेकर बातचीत हुई.
किरण रिजिजू ने कांग्रेस से मांगा सहयोग
एएनआई के सूत्रों के मुताबिक, किरण रिजिजू ने कांग्रेस से परिसीमन (डिलिमिटेशन) विधेयक और महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पर सहयोग मांगा. सरकार मौजूदा मानसून सत्र में इन दोनों विधेयकों को फिर से संसद में पेश करने की तैयारी में है और इसी को लेकर कांग्रेस का समर्थन हासिल करने की कोशिश की जा रही है.
ये भी पढ़ें: संसद में हंगामा : राहुल गांधी से किरण रिजिजू की वन-टू-वन बैठक, क्या बिना बाधा के चलेगी संसद?
राहुल गांधी ने नहीं मानी रिजिजू की बात
सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सरकार के इस प्रस्ताव को साफ तौर पर स्वीकार करने से इनकार कर दिया. उन्होंने परिसीमन और महिला आरक्षण संशोधन विधेयकों पर सहयोग देने की सरकार की मांग नहीं मानी.
राहुल गांधी का सरकार को दोटूक संदेश, इन दो मुद्दों पर चर्चा से पहले सदन नहीं चलेगा
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने किरण रिजिजू से साफ कहा कि जब तक अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले पर चर्चा नहीं होती और 20 जुलाई को दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई पर गृह मंत्री अमित शाह सदन में बयान नहीं देते, तब तक सदन की कार्यवाही सामान्य रूप से नहीं चल सकती.
