Rahul Gandhi Attacks On PM Modi: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और कई कांग्रेसी नेताओं के साथ धरने पर बैठे राहुल गांधी ने छात्रों को न्याय दिलाने के इच्छुक लोगों से इस धरने में शामिल होने का आह्वान किया. राहुल गांधी ने कहा, ‘‘हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास तक मार्च करके पहुंचे हैं, ताकि कल युवा छात्रों के साथ हुई बर्बरता के लिए उनसे जवाब मांगा जा सके. सरकार न तो इस घटना की कोई जवाबदेही लेना चाहती है और न ही संसद में इस पर चर्चा करना चाहती है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए.’’
छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला है. प्रधानमंत्री मोदी को लगता है कि वो बिना जवाब दिए बिना, किसी नतीजे का सामना किए बिना बच निकलेंगे तो वह ऐसा नहीं कर पाएंगे, इस बार तो बिल्कुल नहीं. मैं हर उस देशभक्त भारतीय से अपील करता हूं जो मानता है कि हमारे छात्रों को न्याय मिलना चाहिए, प्रधानमंत्री आवास के सामने हमारे धरने में शामिल हों.’’
कांग्रेस नेताओं ने ‘प्रधानमंत्री इस्तीफा दो’ ‘गुंडागर्दी नहीं चलेगी' जैसे नारे लगाए
प्रधानमंत्री के आवास 7 लोक कल्याण मार्ग के निकट धरने पर बैठे कांग्रेस नेताओं ने ‘प्रधानमंत्री इस्तीफा दो’ ‘गुंडागर्दी नहीं चलेगी’ और ‘छात्रों को न्याय दो’ के नारे लगाए.
राहुल गांधी से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह
राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं का धरना प्रदर्शन शुरू होने के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से धरना खत्म करने का आग्रह किया. सिंह के साथ गृह सचिव गोविंद मोहन भी थे.
पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया
धरना शुरू होने के कुछ देर बाद ही पुलिस ने लोकसभा सदस्य चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, शशिकांत सेंथिल, कन्हैया कुमार और कई नेताओं को हिरासत में लिया.
प्रियंका गांधी का आरोप, विपक्ष को बात नहीं करने दिया जाता
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘हम सदन में चर्चा करना चाहते हैं, लेकिन विपक्ष को बात नहीं करने दिया जाता. ये सदन उन्हीं युवाओं का है जिन पर सरकार लाठी चला रही है, आंसू गैस के गोले छोड़ रही है. बच्चों की बात सुनी जाए और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लिया जाए.’’
ये भी पढ़ें: मोदी जी के अपने बच्चे नहीं हैं, इसलिए नहीं समझते दर्द, केजरीवाल ने छात्रों से कहा- डटे रहो, तानाशाह को झुकना पड़ेगा
