Raghav Chadha: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े कथित वायरल वीडियो को लेकर सियासी विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. बीजेपी सांसद राघव चड्ढा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर गंभीर आरोप लगाया है. एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, उन्होंने सीएम भगवंत मान के खिलाफ FIR (First Information Report) दर्ज करने और इस्तीफा लेने की मांग की है.
राघव चड्ढा का बड़ा आरोप
बीजेपी नेता राघव चड्ढा ने कथित तौर पर दावा किया है कि आम आदमी पार्टी (AAP) ने भगवंत मान को बचाने के लिए फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट तैयार करवाई. उन्होंने कहा कि इस मामले से सिख समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं और लोगों में भारी नाराजगी है.
फोरेंसिक रिपोर्ट की जांच की मांग
भाजपा एमपी राघव चड्ढा ने कहा कि यह जांच होनी चाहिए कि कथित फर्जी रिपोर्ट किसने तैयार करवाई, इसमें कौन-कौन अधिकारी शामिल थे और सरकारी धन का कितना दुरुपयोग किया गया है. उन्होंने इस पूरे मामले की स्वतंत्र जांच की मांग की है.
गुरुग्राम पुलिस के दावे से बढ़ा विवाद
गुरुग्राम पुलिस ने हाल ही में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर कथित रूप से फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट तैयार करने का आरोप है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों को 10 लाख रुपये मिले थे और कुछ पंजाब अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
भगवंत मान ने आरोपों को बताया साजिश
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वायरल वीडियो पूरी तरह फर्जी है. उनका कहना है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति वह नहीं हैं और उन्हें बदनाम करने के लिए राजनीतिक साजिश रची गई है.
विपक्ष पर साधा निशाना
सीएम भगवंत मान ने भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल पर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाया है . उन्होंने कहा कि जनता सच जानती है और वह विकास कार्यों पर ध्यान देते रहेंगे.
अकाल तख्त की कार्रवाई
इस विवाद के बाद अकाल तख्त ने भी भगवंत मान को तलब किया था. बाद में सिख समुदाय के लोगों से मुख्यमंत्री का सामाजिक बहिष्कार करने की अपील की गई थी.
जांच जारी, राजनीति गरमाई
एक ओर पुलिस कथित फर्जी फोरेंसिक रिपोर्ट की जांच कर रही है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है. इससे पंजाब की राजनीति में यह मामला बड़ा मुद्दा बन गया है.
