बीजेपी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शनिवार (8 अगस्त) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. चड्ढा ने इस मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण और सीखने वाला अनुभव बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ हुई बातचीत उनके लिए बेहद खास रही और यह ऐसी सुबह थी, जिसे वह लंबे समय तक याद रखेंगे. दो तस्वीर उन्होंने एक्स पर शेयर की. पहली तस्वीर में नजर आ रहा है कि चड्ढा सफेद शर्ट के ऊपर काली बंडी पहने हुए हैं. वे पीएम मोदी को गणेश की प्रतिमा देते तस्वीर में दिख रहे हैं.
दूसरी तस्वीर में नजर आ रहा है कि पीएम मोदी के सामने राघव चड्ढा बैठे हुए हैं. दोनों के चेहरे पर मुस्कान है. वे आपसे में बातें कर रहे हैं. पंजाब में अगला विधानसभा चुनाव फरवरी-मार्च 2027 के आसपास होने की संभावना है. मौजूदा पंजाब विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 में पूरा होगा, इसलिए उससे पहले चुनाव कराए जाएंगे. इस मुलाकात को लोग पंजाब चुनाव से जोड़कर देख रहे हैं.
तस्वीर शेयर करते हुए चड्ढा ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात बेहद खास रही. प्रधानमंत्री के साथ विस्तार से बातचीत हुई, जिससे उन्हें काफी कुछ सीखने का मौका मिला. चड्ढा ने प्रधानमंत्री का समय देने और उनके अनुभव, विचार व मार्गदर्शन साझा करने के लिए आभार जताया.
ये भी पढ़ें: AAP के 7 सांसदों के बीजेपी में विलय को मिली मंजूरी, राज्यसभा में BJP की संख्या बढ़कर 113 हुई
राघव चड्ढा ने अप्रैल में आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था. इसके बाद राज्यसभा में उनकी नई भूमिका तय हुई है. 20 मई से लागू समिति के पुनर्गठन के बाद उन्हें राज्यसभा की याचिका समिति का अध्यक्ष बनाया गया. इस जिम्मेदारी के साथ चड्ढा अब संसद में लोगों की शिकायतों और याचिकाओं से जुड़े मामलों को देखेंगे.
ये भी पढ़ें: राघव चड्ढा को मिली बड़ी जिम्मेदारी, राज्यसभा की याचिका समिति के अध्यक्ष नियुक्त
आप के 7 राज्यसभा सांसद बीजेपी में शामिल हो गए थे
अप्रैल में राघव चड्ढा की अगुवाई में आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसद बीजेपी में शामिल हो गए थे. इनमें अशोक मित्तल और संदीप पाठक भी शामिल थे. इस कदम के बाद AAP को राज्यसभा में बड़ा झटका लगा था, जबकि बीजेपी में शामिल होने वाले सांसदों की संख्या बढ़ गई.
