Pune Murder: 18 जून को कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ लोनावला के पास स्थित लोहागढ़ किले घूमने गए थे. यह सिया के जन्मदिन का खास आउटिंग था, क्योंकि अगले दिन यानी 19 जून को वह 20 साल की होने वाली थी. घटना के बाद सबसे पहले सिया ने ही पुलिस को पूरी कहानी बताई. उसने दावा किया कि लोहागढ़ किले के पास फोटो खिंचवाते समय केतन का पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में गिर गया. शुरुआत में पुलिस ने इसे एक हादसा मानकर जांच की. दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया और ऊपर से देखने पर ऐसा लगा कि मामला यहीं खत्म हो गया है.
परिवार को क्या हुआ शक?
हालांकि, केतन का परिवार इस कहानी से संतुष्ट नहीं था. परिजनों का कहना था कि केतन एक अनुभवी ट्रेकर था और इलाके से अच्छी तरह परिचित था. ऐसे में उस जगह पर उसका यूं अचानक संतुलन खोकर खाई में गिर जाना उन्हें संदिग्ध लग रहा था. केतन के परिवार ने जांचकर्ताओं के सामने कई सवाल उठाए. परिजनों ने बताया कि केतन लोहागढ़ किले के इलाके से अच्छी तरह वाकिफ था और पहले भी वहां ट्रेकिंग कर चुका था. ऐसे में उसकी मौत को महज हादसा मानना उन्हें सही नहीं लगा.
सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए
इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की. जांच टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मोबाइल लोकेशन डेटा की पड़ताल की और उस दिन किले पर मौजूद सभी लोगों की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी. जांच में पहला बड़ा सुराग लोहागढ़ किले की तलहटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मिला. इसी फुटेज ने मामले को हादसे से हत्या की आशंका की ओर मोड़ दिया.
सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को एक संदिग्ध दिखा
सीसीटीवी फुटेज में पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसने सिर पर हुडी चढ़ा रखी थी और कानों में हेडफोन लगाए हुए था. वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक (Senior Police Inspector) दिनेश तायडे और उनकी टीम ने 18 जून के स्थानीय मौसम रिकॉर्ड की जांच की. पता चला कि उस सुबह तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस था. ऐसे गर्म मौसम में किसी व्यक्ति का हुडी पहनकर घूमना पुलिस को असामान्य लगा और यहीं से जांच को नया सुराग मिला.
शख्स का पहनावा लगा संदिग्ध
जांचकर्ताओं को उस शख्स का पहनावा संदिग्ध लगा, जिसके बाद उन्होंने उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की. सीसीटीवी और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में की. जांच में सामने आया कि चेतन, सिया गोयल का प्रेमी था. पुलिस का कहना है कि यही एक छोटा-सा सुराग जांच में बेहद अहम साबित हुआ. हुडी पहने संदिग्ध की पहचान के आधार पर जांचकर्ताओं ने संदिग्धों की सूची को सीमित किया और उसे सीधे घटनास्थल से जोड़ने में सफलता हासिल की.
चेतन ने अपना मोबाइल फोन कोंढवा स्थित घर पर ही छोड़ दिया
जैसे-जैसे जांचकर्ता चेतन की गतिविधियों की पड़ताल करते गए, उन्हें एक और संदिग्ध बात पता चली. पुलिस के मुताबिक, लोहागढ़ किले जाने से पहले चेतन ने अपना मोबाइल फोन कोंढवा स्थित घर पर ही छोड़ दिया था. जांच अधिकारियों का मानना है कि उसने जानबूझकर ऐसा किया ताकि उसकी लोकेशन ट्रैक न हो सके और वह डिजिटल निगरानी से बच जाए. हालांकि, मोबाइल घर पर छोड़ने के बावजूद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की मदद से उसकी गतिविधियों का पूरा क्रम जोड़ लिया. जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने चेतन चौधरी और सिया गोयल दोनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया.
सिया और चेतन कई महीनों से लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सिया गोयल और चेतन चौधरी कई महीनों से लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे. कॉल रिकॉर्ड और अन्य सबूतों से दोनों के बीच नियमित बातचीत और करीबी रिश्ते की जानकारी सामने आई. न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि कॉल रिकॉर्ड की जांच में सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच 2,000 से अधिक फोन कॉल होने की जानकारी मिली. जांचकर्ताओं का यह भी दावा है कि घटना से पहले दोनों एक कैफे में मिले थे, जहां कथित तौर पर लोहागढ़ किले के भीतर किसी ‘हादसे’ का रूप देकर वारदात को अंजाम देने की योजना पर चर्चा की गई थी.
यह भी पढ़ें : किले पर ट्रेकिंग, हुडी पहन पीछा और खाई में धकेलना.. CCTV फुटेज से ऐसे सुलझी केतन मर्डर मिस्ट्री
खाई में गिरने के बाद केतन की मौत
पुलिस की जांच के अनुसार, 18 जून को चेतन चौधरी, केतन और सिया से पहले ही लोहागढ़ किले पहुंच गया था. इसके कुछ समय बाद सिया और केतन वहां पहुंचे. जांचकर्ताओं का दावा है कि इसके बाद दोनों आरोपी केतन को किले के एक सुनसान हिस्से की ओर ले गये. पुलिस के मुताबिक, वहीं उसे खाई में धक्का दिया गया. खाई में गिरने के बाद केतन की मौत हो गई.
