लोकसभा सचिवालय ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित तौर पर की गई “असंसदीय और अपमानजनक” टिप्पणियों को लेकर नोटिस भेजकर जवाब मांगा है. एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, सचिवालय ने उन्हें 28 अगस्त तक अपना जवाब और पक्ष रखने को कहा है. मामला लोकसभा में विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना से जुड़ा है.
बीजेपी सांसदों ने दिए थे नोटिस
लोकसभा के संयुक्त सचिव एच. राम प्रकाश ने बताया कि 14 अगस्त को राहुल गांधी के खिलाफ दो नोटिस बीजेपी सांसद अनुराग सिंह ठाकुर और संजय जायसवाल ने दिए थे. दोनों सांसदों ने राहुल गांधी की टिप्पणियों को सदन की मर्यादा और संसदीय नियमों के खिलाफ बताया है.
अनुराग ठाकुर ने लगाए गंभीर आरोप
अनुराग सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) अमेंडमेंट बिल, 2026 पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने 30 जुलाई को अमित शाह के खिलाफ असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने नियम 353 के तहत पहले से सूचना दिए बिना गंभीर आरोप लगाए.
संजय जायसवाल ने कार्रवाई की मांग की
संजय जायसवाल ने 29 जुलाई को दिए अपने पत्र में कहा कि राहुल गांधी की कथित टिप्पणियां आपत्तिजनक, अपमानजनक और संसदीय चर्चा की स्थापित परंपराओं के खिलाफ थीं. उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की.
नियमों का दिया गया हवाला
संजय जायसवाल ने नियम 352 और 353 का हवाला देते हुए कहा कि किसी व्यक्ति के खिलाफ मानहानिकारक या गंभीर आरोप लगाने के लिए सदन के नियमों का पालन जरूरी है. उन्होंने नियम 380 के तहत असंसदीय शब्दों को सदन की कार्यवाही से हटाने की मांग भी की.
28 अगस्त तक देना होगा जवाब
लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी से 28 अगस्त तक अपना जवाब देने को कहा है. इसके बाद उनका जवाब लोकसभा अध्यक्ष के विचार के लिए रखा जाएगा. नोटिस में यह भी कहा गया है कि यदि उनका आचरण नियमों के उल्लंघन के दायरे में पाया जाता है तो संबंधित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई पर विचार किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: चमोली में सुरंग के अंदर जिंदगी की जंग! 12 लोग सुरक्षित निकले, 7 शव बरामद ; 3 अब भी लापता
