असम : AIUDF सांसद बदरुद्दीन अजमल ने महिलाओं और हिंदुओं के खिलाफ दिए बयान, पुलिस में शिकायत दर्ज

एआईयूडीएफ सांसद बदरुद्दीन अजमल ने शुक्रवार को एक मीडिया संस्थान को दिए साक्षात्कार में महिलाओं, हिंदू पुरुषों पर तथा असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को लेकर टिप्पणियां की थीं. उन्होंने कथित तौर पर हिंदुओं को कम उम्र में शादी करके मुसलमानों की तरह ज्यादा बच्चे पैदा करने की सलाह दी थी.

गुवाहाटी : असम में ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के सांसद बदरुद्दीन अजमल द्वारा महिलाओं, हिंदू पुरुषों और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ की गई टिप्पणी के खिलाफ शनिवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है. सांसद बदरुद्दीन अजमल ने यह टिप्पणी शुक्रवार को एक साक्षात्कार के दौरान की थी. उनकी इस टिप्पणी के बाद शनिवार को असम जातीय परिषद (एजेपी) और हिंदू युवा छात्र परिषद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. सांसद बदरुद्दीन अजमल के खिलाफ नागांव सदर थाना, हाटीगांव थाना और हैलाकांडी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है.

सांसद अजमल के खिलाफ तीन थाने में शिकायत

मीडिया एजेपी उपाध्यक्ष डूलू अहमद ने असम हाटीगांव थाने में, एजेपी के मुख्य संयोजक हैलाकांडी थाना और हिंदू युवा छात्र परिषद ने नागांव सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने सांसद बदरुद्दीन अजमल के खिलाफ मिली शिकायत की पुष्टि करते हुए कहा कि इस मामले में जांच शुरू हो गई है. एजेपी उपाध्यक्ष डूलू अहमद ने कहा कि ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के सांसद बदरुद्दीन अजमल के बयान को लेकर उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है, क्योंकि इससे समाज में व्यापक प्रतिक्रिया हुई है और सांप्रदायिक हिंसा भड़क सकती है.

सांसद ने हिंदुओं को ज्यादा बच्चे पैदा करने की दी थी सलाह

एआईयूडीएफ सांसद बदरुद्दीन अजमल ने शुक्रवार को एक मीडिया संस्थान को दिए साक्षात्कार में महिलाओं, हिंदू पुरुषों पर तथा असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को लेकर टिप्पणियां की थीं. उन्होंने कथित तौर पर हिंदुओं को कम उम्र में शादी करके मुसलमानों की तरह ज्यादा बच्चे पैदा करने की सलाह दी थी. इसके साथ ही, उन्होंने हिंदू लड़कियों की 18-20 साल की उम्र में शादी करने की सलाह भी दी थी. अजमल के राजनीतिक विरोधियों ने उनके बयान को गुजरात विधानसभा चुनाव से जोड़ा और आरोप लगाया कि एआईयूडीएफ अध्यक्ष अपनी पार्टी को बचाने के लिए भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं.

अजमल के बयान पर राजनीति तेज

वहीं, भाजपा प्रवक्ता रंजीब शर्मा ने कहा कि बदरुद्दीन अजमल ने हमारे मुख्यमंत्री के खिलाफ जिन शब्दों का इस्तेमाल किया है, उन्हें पूरे सभ्य समाज द्वारा चुनौती दी जानी चाहिए. भाजपा विधायक दिगंत कालिता ने मुस्लिम समुदाय से अजमल के खिलाफ खड़े होने को कहा. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा ने इस मामले में अजमल और मुख्यमंत्री के बीच साजिश होने की आशंका जताई. राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया (कांग्रेस) ने भी कहा कि यह पता लगाना होगा कि अजमल के बयानों के पीछे कहीं भाजपा तथा एआईयूडीएफ की मिलीभगत तो नहीं है.

Also Read: गुजरात चुनाव 2022: क्या जिग्नेश मेवाणी को जीत दिला पाएंगे कन्हैया कुमार ? वडगाम सीट पर कांटे की टक्कर
किसी की भावना को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं : सांसद अजमल

वहीं, एआईयूडीएफ अध्यक्ष और सांसद बदरुद्दीन अजमल ने शुक्रवार को दिए साक्षात्कार में कही गई बातों पर सफाई देते हुए कहा कि अगर मेरे शब्दों से किसी की भावना को ठेस पहुंची है, तो मैं अपने शब्द वापस लेता हूं. मेरा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था. मैं केवल इतना चाहता हूं कि सरकार अल्पसंख्यकों के साथ न्याय करे और उन्हें शिक्षा और रोजगार दे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >