Parliament Monsoon Session : प्रदर्शन पर बोले अखिलेश, कांग्रेस ने बुलाया और हम सारा काम छोड़कर चले गए

Parliament Monsoon Session LIVE: छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार (22 जुलाई) को भी विपक्षी दलों के सदस्यों के संसद के दोनों सदनों में हंगामा किया. इस वजह से लोकसभा दो बार के स्थगन के बाद वहीं राज्यसभा तीन बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई. ताजा अपडेट के लिए जुड़े रहें हमारे साथ.

4:52 PM. 22 Jul 26 4:52 PM. 22 Jul

विपक्ष की एकमात्र चिंता सत्ता पाने की चाहत है: गजेंद्र सिंह शेखावत

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, "लोकतंत्र में संसद बहस का मंच होनी चाहिए. यह ऐसी जगह होनी चाहिए जहां उन उम्मीदों और आशाओं के अनुसार चर्चा और बातचीत हो, जिनके साथ लोग हमें चुनकर भेजते हैं. बहस का मंच बनने के बजाय, कुछ लोगों के लिए यह अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने का ज़रिया बन गई है. यह न तो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए अच्छा है और न ही इससे लोकतंत्र की गरिमा और सम्मान बना रहता है. जो लोग संविधान की रक्षा की बात करते हैं, वे ही उसे कमज़ोर करने का काम कर रहे हैं. सरकार ने साफ तौर पर कहा है कि वह चर्चा के लिए तैयार है. अब देश के सामने यह बात साफ हो गई है कि उनकी एकमात्र चिंता सत्ता पाने की चाहत है."

3:32 PM. 22 Jul 26 3:32 PM. 22 Jul

जब कांग्रेस ने बुलाया तो हम अपना सारा काम छोड़कर चले गए : अखिलेश यादव

LKM के बाहर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर समाजवादी पार्टी के सांसद अखिलेश यादव ने कहा, "यह सच है कि हमें जानकारी नहीं दी गई थी, लेकिन जब कांग्रेस ने बुलाया तो हम अपना सारा काम छोड़कर चले गए और जो भी सांसद शामिल हो सकते थे, वे गए. हम आपसी तालमेल को बेहतर बनाएंगे. इसे और बेहतर होना चाहिए. सोचिए सरकार कितनी कमजोर है कि वह अपने ही मंत्रियों और सहयोगियों से इस्तीफा तक नहीं ले पा रही है. कम से कम सरकार को यह तो मानना ​​ही चाहिए कि हां, गलती हुई है."

3:05 PM. 22 Jul 26 3:05 PM. 22 Jul

TMC सांसद कल्याण बनर्जी पूरे सत्र के लिए निलंबित

TMC सांसद कल्याण बनर्जी को पूरे मानसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है. संसदीय मामलों के केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने लोकसभा में कल्याण बनर्जी को सत्र की बाकी अवधि के लिए निलंबित करने का प्रस्ताव पेश किया. प्रस्ताव को मंजूरी भी मिल गई है. अध्यक्षता कर रहे TDP के KP कृष्णा प्रसाद टेन्नेटी ने बताया कि स्पीकर को महिला सांसदों के प्रति अभद्र व्यवहार और अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल को लेकर कल्याण बनर्जी के खिलाफ लिखित शिकायत मिली थी.

2:37 PM. 22 Jul 26 2:37 PM. 22 Jul

सरकार ने क्या कदम उठाए हैं, यह बताना हमारी जिम्मेदारी है : रिजिजू

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "मैं सदन में सरकार का पक्ष रखना चाहता हूं. मानसून सत्र के पहले दिन से ही सरकार कह रही है कि हम सभी अहम मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार हैं. हम शुरू से ही NEET परीक्षा के पेपर लीक पर चर्चा के लिए तैयार हैं. हम अभी भी तैयार हैं. हमने कांग्रेस नेताओं और दूसरी पार्टियों के नेताओं से भी कहा है कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन चर्चा कैसे होगी, यह चेयर की अध्यक्षता में सभी के साथ बैठक के बाद तय किया जाना है. लेकिन अगर वे चर्चा न करने के बहाने ढूंढ रहे हैं और शर्तें रख रहे हैं, तो यह सही नहीं है. हमारी सरकार युवाओं के भविष्य के लिए NEET परीक्षा और उससे जुड़े मामलों पर चर्चा करने को तैयार है. देश को यह बताना हमारी जिम्मेदारी है कि सरकार ने क्या कदम उठाए हैं. जैसे ही चेयर तय करेगी, सरकार चर्चा के लिए 100% तैयार है."

2:33 PM. 22 Jul 26 2:33 PM. 22 Jul

सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार : नड्डा

राज्यसभा में, केंद्रीय मंत्री और सदन के नेता जेपी नड्डा ने कहा, "INDI गठबंधन का व्यवहार बहुत गैर-जिम्मेदाराना है. हम संसद में उनके इस लोकतंत्र-विरोधी व्यवहार को साफ देख सकते हैं. संसदीय मर्यादा को तार-तार किया जा रहा है और लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लंघन हो रहा है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने अभी-अभी बहुत स्पष्ट रूप से कहा है कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है. इसके अलावा, हमारी सरकार NEET पेपर लीक और उससे जुड़े सभी मामलों पर भी चर्चा करने के लिए तैयार है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार पारदर्शी है। यह एक ऐसी सरकार है जो हमेशा लोगों के हित में काम करती है. इसलिए, हम उनकी (विपक्ष की) जन-विरोधी गतिविधियों की कड़ी निंदा करते हैं. वे लोकतंत्र या लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास नहीं करते हैं."

2:31 PM. 22 Jul 26 2:31 PM. 22 Jul

शिक्षा मंत्री जब तक इस्तीफा नहीं देते, निष्पक्ष चर्चा नहीं हो पाएगी : खरगे

राज्यसभा में NEET UG 2026 पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "अगर निष्पक्ष चर्चा होनी है, तो शिक्षा मंत्री को पहले इस्तीफा देना चाहिए. जब ​​तक वे इस्तीफा नहीं देते, तब तक यहां निष्पक्ष चर्चा नहीं हो पाएगी."

2:04 PM. 22 Jul 26 2:04 PM. 22 Jul

विपक्षी पार्टियों ने अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान का मांगा इस्तीफा, संसद परिसर में प्रदर्शन जारी

बुधवार को विपक्षी पार्टियों ने काले कपड़े पहनकर NEET पेपर लीक मामले के खिलाफ प्रदर्शन किया और अपनी एकजुटता दिखाई. इस मौके पर विपक्ष ने गृहमंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की.

12:32 PM. 22 Jul 26 12:32 PM. 22 Jul

सरकार नीट पेपर लीक पर चर्चा के लिए तैयार

लोकसभा में सरकार की ओर से मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार नीट पेपर लीकर पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष चर्चा करना नहीं चाह रहा है और सिर्फ हंगामा कर रहा है. चर्चा कब होनी है और कितने समय के लिए होनी है, इसपर बातचीत करके निर्णय लिया जाना है.

12:22 PM. 22 Jul 26 12:22 PM. 22 Jul

दोपहर दो बजे तक स्थगित हुई संसद की कार्यवाही

दोपहर 12 बजे जब संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो विपक्ष फिर हंगामा करने लगा. इस वजह से सदन की कार्यवाही चल नहीं पाई और उसे दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया.

11:20 AM. 22 Jul 26 11:20 AM. 22 Jul

12 बजे तक स्थगित हुई कार्यवाही

संसद की कार्यवाही शुरू होते ही बुधवार को विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई.

10:52 AM. 22 Jul 26 10:52 AM. 22 Jul

विपक्षी नेता काले कपड़ों में पहुंच रहे संसद

कांग्रेस के नेता प्रमोद तिवारी ने मोदी सरकार को बेशर्म सरकार बताते हुए कहा कि ये लोग जिस तरह का व्यवहार छात्रों और सांसदों के साथ कर रहे हैं, उसके बाद क्या विपक्ष चुप बैठ सकता है. वहीं कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन ने कहा कि पुलिस कार्रवाई के खिलाफ आज पूरा विपक्ष काला दिवस मनाएगा और विपक्षी नेता काले कपड़ों में नजर संसद आएंगे

7:02 PM. 21 Jul 26 7:02 PM. 21 Jul

दिल्ली पुलिस ने राहुल-प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया

लोक कल्याण मार्ग पर विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ विरोध प्रदर्शन कर रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.

5:08 PM. 21 Jul 26 5:08 PM. 21 Jul

विपक्ष से कुछ भी कहना भैंस के आगे बीन बजाने जैसा है : चिराग पासवान

चिराग पासवान ने कहा, "विपक्ष हम पर बार-बार यह आरोप लगाता है कि हम बातचीत नहीं करते, है ना? लेकिन जब असल में बातचीत शुरू होती है, तो वे कहां होते हैं? सच कहूं तो, मुझे लगता है कि विपक्ष से कुछ भी कहना भैंस के आगे बीन बजाने जैसा है. वे बस सुनना ही नहीं चाहते. उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि यहां कितने अहम मुद्दे उठाए जा रहे हैं, जैसे कि सुप्रीम कोर्ट के जजों की संख्या बढ़ाना. आज NDA सांसदों के साथ बैठक में प्रधानमंत्री ने साफ कहा कि भारत के भविष्य या युवाओं और छात्रों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जा सकता. लेकिन अगर आप हर सत्र से पहले एक-दो मुद्दे चुनते हैं, तो सारे मुद्दों पर एक साथ बात क्यों नहीं करते? आप मुद्दों को बीच में ही क्यों छोड़ देते हैं? आपको उन मुद्दों को उनके अंजाम तक पहुंचाना चाहिए. आप आज एक मुद्दा उठाते हैं, लेकिन अगले सत्र में कोई नया मुद्दा ले आते हैं. इसका मतलब है कि आपका एकमात्र मकसद हंगामा करना है, न कि बातचीत से मामलों को सुलझाना. जब हम किसानों, छात्रों और युवाओं के साथ खड़े होते हैं, तो कृपया सुझाव दें कि हम उनके साथ और मजबूती से कैसे खड़े हो सकते हैं. हम आपके हर सुझाव को अपनाएंगे और तथ्यों पर आधारित आपकी हर सही बात को मानेंगे. चर्चा तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए, फिर भी आप हंगामा करना चुनते हैं, सड़कों पर अफरा-तफ़री मचाते हैं और लोगों को गुमराह करते हैं, जबकि बातचीत और सही चर्चा के लिए बने मंच को ही नज़रअंदाज़ कर देते हैं."

5:04 PM. 21 Jul 26 5:04 PM. 21 Jul

सरकार पेपर लीक और युवाओं के मामले को राजनीतिक रंग देना चाहती है: संदीप दीक्षित

PM आवास के बाहर विरोध-प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा, "कोई माने या न माने, राहुल गांधी ने हमेशा ऐसे मुद्दे उठाए हैं. उन्होंने पूरी शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाया. जिस दिन पेपर लीक हुआ, वे सड़कों पर उतर आए. सरकार इस मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है. हमें देश के हर उस युवा के साथ खड़ा होना है, जिसकी उम्मीदों और आकांक्षाओं को कल सरकार ने बेरहमी से कुचल दिया."

5:01 PM. 21 Jul 26 5:01 PM. 21 Jul

छात्रों के साथ अत्याचार हो रहा, लोकतंत्र को दबाया जा रहा: जयराम रमेश

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि छात्रों पर अत्याचार हो रहा है और लोकतंत्र को दबाया जा रहा है. विपक्ष पिछले 45 दिनों से शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहा है. हम इन सभी अहम मुद्दों पर संसद में विस्तार से चर्चा और जवाब चाहते हैं.

4:40 PM. 21 Jul 26 4:40 PM. 21 Jul

लोक कल्याण मार्ग पहुंचे केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, विरोध प्रदर्शन में बैठे राहुल गांधी से की बात

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह लोक कल्याण मार्ग पहुंचे और यहां कांग्रेस के चल रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से बात की.

4:36 PM. 21 Jul 26 4:36 PM. 21 Jul

दिल्ली पुलिस ने कन्हैया कुमार समेत कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया

दिल्ली पुलिस ने लोक कल्याण मार्ग पर विरोध प्रदर्शन कर रहे कन्हैया कुमार समेत कांग्रेस नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया.

3:53 PM. 21 Jul 26 3:53 PM. 21 Jul

पीएम आवास के बाहर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकारी आवास, 7 लोक कल्याण मार्ग के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगें उठाईं.

3:08 PM. 21 Jul 26 3:08 PM. 21 Jul

छात्र प्रदर्शन के बहाने डिंपल यादव का सियासी दांव: बीजेपी को सत्ता से हटाने के लिए युवाओं से मांगा साथ

सपा सांसद डिंपल यादव ने सीजेपी आंदोलन पर कहा- मुझे लगता है कि इससे एक मजबूत संदेश गया है कि कितने युवा बदलाव चाहते हैं. मैं छात्रों से कहना चाहती हूं कि बदलाव सिर्फ वोटिंग से ही आ सकता है. आने वाले समय में, आपको उन पार्टियों का समर्थन करना चाहिए जो BJP को सत्ता से हटाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

3:03 PM. 21 Jul 26 3:03 PM. 21 Jul

डिंपल यादव का दावा, विपक्षी पार्टियों ने स्पीकर से चर्चा की मांग की, लेकिन उन्होंने ठुकरा दिया

समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा, "विपक्षी पार्टियों ने स्पीकर से मुलाक़ात की और चर्चा की मांग की, लेकिन उन्होंने इसे साफ़ तौर पर ठुकरा दिया. यहां सरकार की मंशा को समझना ज़रूरी है; उनका पूरा सिस्टम भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है और कई मामलों में बीमार नजर आता है. जो युवा विरोध करने आए थे, वे सिस्टम की नाकामी को उजागर करना चाहते थे, क्योंकि सरकार खुद इस मुद्दे पर ध्यान देने को तैयार नहीं थी. वे सरकार से शिक्षा में सुधार लाने और NEET पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले 20 छात्रों की मौत के मामले पर कार्रवाई करने की अपील करने आए थे. उन्हें यह भी लगा कि जिम्मेदार होने के नाते शिक्षा मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए; लेकिन मंत्री के इस्तीफे की मांग करने के बजाय, जैसा कि छात्रों ने किया था, अधिकारियों ने उन पर लाठियां बरसाईं और उनके कपड़े फाड़ दिए. मेरा मानना ​​है कि सरकार के इन कामों ने इन युवाओं की उम्मीदों और सपनों को बुरी तरह तोड़ दिया है.

2:26 PM. 21 Jul 26 2:26 PM. 21 Jul

CCTV फुटेज खंगाले जा रहे, जांच के आधार पर होगी प्राथमिकी दर्ज

एडिशनल DCP आनंद कुमार मिश्रा ने न्यूज एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में कहा, "कुछ FIR पहले ही दर्ज की जा चुकी हैं और यह संख्या निश्चित रूप से और बढ़ सकती है. अभी CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और जैसे-जैसे दूसरे पहलुओं की जांच होगी, और FIR दर्ज की जा सकती हैं. विरोध प्रदर्शन वाली जगह पर 100 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए हैं. उन सभी की निगरानी की जा रही है; इसके लिए एक खास टीम लगाई गई है और कई टीमें मिलकर काम कर रही हैं. हम हर चीज़ की बारीकी से जांच कर रहे हैं- CCTV फुटेज, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, लोगों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो और हमारे अपने लगाए गए कैमरों की फुटेज। हमने पहले ही एक टीम बना ली थी ताकि जरूरत पड़ने पर तेजी से जांच की जा सके; वह टीम अभी काम कर रही है."

2:19 PM. 21 Jul 26 2:19 PM. 21 Jul

संसद की कार्यवाही आज दिन भर के लिए स्थगित

विपक्ष के हंगामे को देखते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लोकसभा को आज दिन भर के लिए स्थगित करने का फैसला किया. जबकि राज्यसभा में भी भारी हंगामे को देखते हुए कार्यवाही को आज के लिए स्थगित कर दिया गया है. सदन की कार्यवाही अब 22 जुलाई को सुबह 11 बजे से होगी.

1:23 PM. 21 Jul 26 1:23 PM. 21 Jul

युवाओं की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता : मनीष तिवारी

CJP प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि निर्दोष छात्रों के साथ जो हुआ, उसकी निंदा होनी चाहिए और इस मुद्दे पर संसद में चर्चा होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि विपक्ष छात्रों से जुड़े इस मामले को लगातार उठाता रहेगा और सरकार से जवाब मांगेगा. मनीष तिवारी ने कहा कि युवाओं की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.

1:13 PM. 21 Jul 26 1:13 PM. 21 Jul

अखिलेश यादव का सवाल- छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस क्यों?

CJP प्रदर्शन को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए. अखिलेश ने दावा किया कि डॉक्टरों के मुताबिक कई छात्र सिर में गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल पहुंचे. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही सरकार के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के नारे का मतलब है? अखिलेश यादव ने कहा कि अगर NEET परीक्षा में गड़बड़ी या पेपर लीक हुआ है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की बनती है. उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाएं सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उत्तर प्रदेश समेत बीजेपी शासित राज्यों में भी सामने आ रही हैं.

1:08 PM. 21 Jul 26 1:08 PM. 21 Jul

बातचीत से निकलेगा रास्ता : चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने छात्रों के प्रदर्शन को लेकर कहा कि उनकी आवाज को दबाया नहीं जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत से ही निकल सकता है. शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतंत्र का हिस्सा है और सरकार छात्रों की बात सुनने के लिए तैयार है. चिराग पासवान ने बताया कि सरकार ने बातचीत के रास्ते खुले रखे हैं और छात्रों के प्रतिनिधियों ने बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की है.

1:04 PM. 21 Jul 26 1:04 PM. 21 Jul

मल्लिकार्जुन खरगे को अपनी बात रखने से रोका गया : पवन खेड़ा

कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने संसद के मानसून सत्र में हुए हंगामे को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आज संसद में जो हुआ, वह बेहद गंभीर मामला है. पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को अपनी बात रखने से रोका गया, जबकि वह दिल्ली में युवाओं पर हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठा रहे थे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि गृह मंत्री अमित शाह दोनों सदनों में आकर इस मामले पर बयान दें और बताएं कि प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ इतनी सख्ती क्यों की गई.

12:20 PM. 21 Jul 26 12:20 PM. 21 Jul

राज्यसभा की बैठक दोपहर दो बजे तक स्थगित

नीट प्रश्नपत्र लीक मामले और इसके विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई समेत विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण मंगलवार को राज्यसभा की बैठक एक बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई.

12:17 PM. 21 Jul 26 12:17 PM. 21 Jul

लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित

लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए जोरदार हंगामा किया. हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी. इसके बाद लोकसभा की बैठक पहले एक बार स्थगित हुई और फिर दोपहर 2 बजे तक के लिए टाल दी गई. 12 बजे दोबारा कार्यवाही शुरू होने के बाद विपक्ष के सांसद फिर हंगामा करने लगे.

12:13 PM. 21 Jul 26 12:13 PM. 21 Jul

ओम बिरला से मिले राहुल और कई अन्य विपक्षी नेता, छात्रों के मामले पर चर्चा की मांग की

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं ने मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने सोमवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया. विपक्षी नेताओं ने सदन में NEET समेत परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कराने की मांग की. नेताओं ने यह मुलाकात संसद भवन में ओम बिरला के रूम में की.

11:58 AM. 21 Jul 26 11:58 AM. 21 Jul

CJP प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ संसद में AAP का प्रदर्शन

संसद के मकर द्वार पर आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसदों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया. सांसदों ने CJP के संसद मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर पुलिस के बल प्रयोग को गलत बताते हुए इसकी आलोचना की.

11:14 AM. 21 Jul 26 11:14 AM. 21 Jul

राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित

मंगलवार को राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने NEET पेपर लीक, सोमवार को दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और अन्य मुद्दों को लेकर जोरदार हंगामा किया. लगातार विरोध और नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही नहीं चल सकी. इसके बाद सभापति ने राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी.

11:09 AM. 21 Jul 26 11:09 AM. 21 Jul

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया. लगातार शोर-शराबे के कारण सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी. इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ने बैठक को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया.

10:54 AM. 21 Jul 26 10:54 AM. 21 Jul

एनडीए की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET परीक्षा का किया जिक्र

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि एनडीए की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET परीक्षा का भी जिक्र किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक की जानकारी मिलते ही सरकार ने तुरंत कार्रवाई की और अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो, इसलिए NEET की दोबारा परीक्षा समय पर कराई गई और बिना देरी के नतीजे भी घोषित किए गए. प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आगे ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सख्त कदम उठाए गए हैं. उन्होंने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की बात कही, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न करे.

10:39 AM. 21 Jul 26 10:39 AM. 21 Jul

NEET प्रदर्शन पर प्रियंका गांधी का बयान आया

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने CJP के NEET मुद्दे पर हुए प्रदर्शन को लेकर कहा कि युवाओं के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह बेहद गलत है. उन्होंने कहा कि NEET की तैयारी करने वाले छात्र और उनके परिवार बहुत मुश्किलों का सामना करते हैं. कई माता-पिता बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लेते हैं, कोचिंग का खर्च उठाते हैं और बड़ी उम्मीदों के साथ उन्हें तैयार करते हैं. ऐसे में जब परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते हैं और छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ता है, तो उनकी चिंता बिल्कुल जायज है. प्रियंका गांधी ने कहा कि देश में ऐसे हजारों छात्र हैं, जिनकी परेशानी को गंभीरता से सुना जाना चाहिए.

9:50 AM. 21 Jul 26 9:50 AM. 21 Jul

एनडीए संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ शुरू

एनडीए संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ शुरू हो गई है. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एनडीए के कई बड़े नेता शामिल हो रहे हैं. बैठक में संसद सत्र और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.

9:45 AM. 21 Jul 26 9:45 AM. 21 Jul

आज राज्यसभा में आ सकता है वंदे मातरम अपमान वाला विधेयक

राज्यसभा में आज एक ऐसा विधेयक पेश किया जा सकता है, जिसमें वंदे मातरम के अपमान को दंडनीय अपराध बनाने का प्रावधान है. यह बिल सोमवार को ही पेश किया जाना था, लेकिन विपक्ष के हंगामे और विरोध प्रदर्शन के कारण इसे सदन में नहीं रखा जा सका. अब इसे आज लाने की तैयारी है.

9:37 AM. 21 Jul 26 9:37 AM. 21 Jul

Parliament Monsoon Session : प्रदर्शन पर बोले अखिलेश, कांग्रेस ने बुलाया और हम सारा काम छोड़कर चले गए

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है. उन्होंने देश की परीक्षा व्यवस्था में चल रहे गंभीर संकट और उससे जुड़ी समस्याओं पर चर्चा कराने की मांग की है. वेणुगोपाल इस मुद्दे को सदन में उठाना चाहते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार प्रभात खबर डिजिटल में Sr. Content writer हैं. पिछले 15 साल से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं.

अमिताभ 1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है.

प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है. 📩 संपर्क : amitabh.kumar@prabhatkhabar.in

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >