कर्नाटक में नई सरकार के गठन को लेकर शुक्रवार (29 मई) को कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के बीच लगातार मंथन चलता रहा. राज्यपाल ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था और राज्य मंत्रिमंडल को भंग कर दिया था. इसके बाद नए मुख्यमंत्री, कैबिनेट गठन और सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया को लेकर पार्टी में बैठकों का दौर तेज हो गया है.
कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया के बीच आज (30 मई) शाम 4 बजे बेंगलुरु के विधान सौधा में कांग्रेस विधायक दल (CLP) की अहम बैठक होगी. इस बैठक की अध्यक्षता सिद्धारमैया करेंगे. बैठक में नए नेता का चुनाव किया जाएगा. माना जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को विधायक दल का नया नेता चुना जा सकता है, जिसके बाद उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो जाएगा.
दिल्ली में हुई बैठक, सिद्धारमैया रहे मौजूद
सिद्धारमैया ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद अपने बेटे यतींद्र के साथ नई दिल्ली का दौरा किया. वहां उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ नेता के. सी. वेणुगोपाल समेत कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से कई दौर की बैठकें कीं. इन बैठकों में कर्नाटक में नई सरकार के गठन और आगे की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा हुई.
30 मई को सिद्धारमैया ने सुबह करीब 9 बजे दिल्ली स्थित 10 जनपथ में राहुल गांधी से मुलाकात की. इस दौरान सोनिया गांधी मौजूद नहीं थीं. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में सिद्धारमैया ने राहुल गांधी से कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ने का अपना वादा पूरा कर दिया है. कर्नाटक में सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण सुनिश्चित किया है. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में कर्नाटक की राजनीति में सिद्धारमैया की आगे की भूमिका और उनके भविष्य के राजनीतिक कदमों को लेकर भी बातचीत की गई.
बेटे यतींद्र को उपयुक्त जिम्मेदारी देगी कांग्रेस
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस आलाकमान ने सिद्धारमैया को भरोसा दिलाया है कि जरूरत पड़ने पर उनके बेटे यतींद्र को कोई उपयुक्त जिम्मेदारी दी जा सकती है. बताया जा रहा है कि सिद्धारमैया नई सरकार और कैबिनेट में अपने करीबी नेताओं को जगह दिलाने की कोशिश कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने यतींद्र को भी सरकार में शामिल किए जाने की पैरवी की है.
यह भी पढ़ें : शपथ लेने की बात पर बोले डीके शिवकुमार- उन्हें नहीं पता है कि कब विधायक दल के नेता चुने जाएंगे
सूत्रों का कहना है कि सिद्धारमैया ने अभी तक नई कैबिनेट में शामिल किए जाने वाले अपने पसंदीदा नेताओं की सूची कांग्रेस नेतृत्व को नहीं सौंपी है. उम्मीद है कि वह शनिवार को यह सूची अंतिम रूप देंगे और कांग्रेस के महासचिव रणदीप सुरजेवाला को कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक के दौरान सौंपेंगे. इसके बाद नई कैबिनेट के स्वरूप पर तस्वीर और साफ हो सकती है.
