Neha Rathore News Video: 'अरे दम है तो जाइये…आतंकवादियों के सिर लेकर आइये!' FIR के बाद नेहा राठौर का नया वीडियो

Neha Rathore News Video: लोक गायिका नेहा सिंह राठौर के खिलाफ राजद्रोह समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. केस लखनऊ के हजरतगंज थाने में दर्ज किया गया है. FIR दर्ज होने के बाद भी नेहा राठौर नहीं झुकी और एक नया वीडियो जारी किया है, जिसमें सरकार को पहलगाम आतंकवादी हमले के लिए फिर से घेरा है.

Neha Rathore News Video: नेहा राठौर ने अपने नये वीडियो में पलटवार करते हुए सोशल मीडिया पर दावा किया कि सरकार उन पर प्राथमिकी दर्ज करवाकर असली मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है और कहा कि अगर सवाल पूछना बगावत है तो वह बागी हैं. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद राठौर ने फेसबुक और ‘एक्स’ पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “पहलगाम हमले के जवाब में अब तक सरकार ने क्या किया है? मेरे ऊपर प्राथमिकी दर्ज कराई है? सरकार मेरे ऊपर प्राथमिकी दर्ज करवाकर असली मुद्दों से ध्यान भटकाना चाहती है.” उन्होंने चुनौती देते हुए कहा “अरे दम है तो जाइये…आतंकवादियों के सिर लेकर आइये!” राठौर ने यह भी दावा किया “अगर सत्ता से सवाल पूछना बग़ावत है तो हां…मैं बागी हूं.” उन्होंने तंज कसा “अपनी नाकामी का ठीकरा मेरे कपार मढ़ने की कोई जरूरत नहीं है.”

देश ने आपको पाकिस्तान जाकर बिरयानी खाने के लिए चुना था क्या? : नेहा राठौर

राठौर ने कहा, “जैसे लोकतंत्र में एक-एक वोट जरूरी होता है, वैसे ही एक-एक सवाल भी जरूरी होता है…और सरकार को सारी दिक्कत मेरे सवालों से है…इसीलिए वो मुझे सवाल पूछने से रोकना चाहते हैं.” “असली सवाल ये है कि पहलगाम हमले के जवाब में आपने अब तक क्या किया? कितने आतंकवादियों के सिर लेकर आये आप? देश ने आपको पाकिस्तान जाकर बिरयानी खाने के लिए चुना था क्या? है कोई जवाब! दरअसल नहीं है.” राठौर ने सवाल उठाते हुए कहा कि बस हर सवाल के जवाब में नोटिस भेज दो, प्राथमिकी दर्ज करवा दो, गालियां दिलवा दो, नौकरी छीन लो, अपमानित कर दो और डरा दो.

मेरे सवालों से इतनी दिक्कत है तो सत्ता छोड़कर विपक्ष में आ जाइये : नेहा राठौर

गायिका ने कहा, “इसे आप राजनीति कहते हैं? अगर ये राजनीति है तो तानाशाही क्या है फिर?” राठौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा “मैं इस देश की जनता से पूछना चाहती हूं…क्या यही पाने के लिए आपने वोट दिया था कि सवाल पूछने पर आपको देशद्रोही और ग़द्दार कह दिया जाये? भाजपा देश नहीं है…और प्रधानमंत्री भगवान नहीं है.” उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि लोकतंत्र में आलोचना तो होगी और सवाल भी पूछे जाएंगे. राठौर ने कहा, “मेरे सवालों से इतनी दिक्कत है तो सत्ता छोड़कर विपक्ष में आ जाइये…तब नहीं पूछूंगी कोई सवाल.”

राठौर के खिलाफ दर्ज शिकायत में क्या है?

नेहा राठौर के खिलाफ दर्ज शिकायत में कहा गया है कि पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर एक विशेष धर्म समुदाय को निशाना बनाकर सोशल मीडिया पर उनकी भड़काऊ पोस्ट देश की एकता को नुकसान पहुंचा सकती हैं. प्राथमिकी कवि अभय प्रताप सिंह की शिकायत पर दर्ज की गई है. शिकायतकर्ता अभय प्रताप सिंह ने कहा, “गायिका एवं कवयित्री नेहा सिंह राठौर ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर पहलगाम आतंकी हमले को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी और सोशल मीडिया मंच पर ऐसे वीडियो और पोस्ट साझा किए जिनका राष्ट्रीय अखंडता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा.” पुलिस ने बताया कि शिकायत में राठौर पर धर्म और जाति के आधार पर समुदायों के बीच मतभेद पैदा करने और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने का आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि राठौर ने पहलगाम हमले में निर्दोष लोगों की मौत पर सवाल उठाए और राष्ट्र विरोधी बयान दिए, जिससे शांति और सार्वजनिक व्यवस्था भंग होने की आशंका उत्पन्न हुई.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >