दिल्ली के उपराज्यपाल ने भारत मंडपम, राजघाट में तैयारियों का जायजा लिया
दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने जी20 शिखर सम्मेलन से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए गुरुवार को राजघाट और प्रगति मैदान का दौरा किया. जी20 शिखर सम्मेलन नौ से 10 सितंबर तक प्रगति मैदान के नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र ‘भारत मंडपम’ में आयोजित किया जाएगा. अधिकारियों के मुताबिक, राजघाट का निरीक्षण करते हुए उपराज्यपाल ने साफ-सफाई और उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उनके साथ मुख्य सचिव नरेश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे. दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के दौरान, कई गणमान्य व्यक्ति महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट स्थित उनके स्मारक पर जाएंगे.