मुंबई से दिल्ली जा रही गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस में एक विदेशी यात्री का दूसरे यात्रियों से विवाद हो गया. इसके बाद उसने फायर एक्सटिंग्विशर से यात्रियों पर स्प्रे कर दिया. रेलवे पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. कुछ घंटे बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और वह अचानक गिर पड़ा. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. विदेशी नागरिक मुंबई के बांद्रा टर्मिनस से दिल्ली की यात्रा कर रहा था.
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार,रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को सूचना मिली कि ट्रेन के जनरल कोच में एक विदेशी यात्री अन्य यात्रियों से बहस कर रहा है और हंगामा कर रहा है. सूचना मिलने के बाद आरपीएफ ने मामले को गंभीरता से लिया और मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश की.
ये भी पढ़ें: अगर इन ट्रेनों से करते हैं सफर तो पढ़ लें ये खबर, रेलवे ने बदला संचालन, 20 दिन तक शताब्दी समेत इन गाड़ियों पर असर
आरपीएफ के जवान ने यात्री को समझाने की कोशिश की
अधिकारियों के मुताबिक, आरपीएफ के जवान सूचना मिलने के बाद ट्रेन के कोच में पहुंचे. उन्होंने विदेशी यात्री को शांत कराने की कोशिश की और उससे अंग्रेजी में बात की. हालांकि, आरोप है कि समझाने के बावजूद उसका गुस्सा कम नहीं हुआ और वह और ज्यादा आक्रामक हो गया. इसके बाद विदेशी यात्री ने यात्रियों पर फायर एक्सटिंग्विशर से स्प्रे कर दिया. इससे वहां मौजूद कुछ यात्री भड़क गए और उन्होंने विदेशी यात्री को घेर लिया. आरोप है कि गुस्साए यात्रियों ने उसके साथ मारपीट भी की.
ये भी पढ़ें: मुंबई से उत्तर भारत जाने वालों के लिए राहत! त्योहारों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, जानें नंबर और तारीख
ट्रेन जब सूरत पहुंची तो रेलवे पुलिस ने विदेशी यात्री को काबू में कर आरपीएफ पोस्ट पर ले गई. पूछताछ के दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा. इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
मृतक के पास पासपोर्ट, वीजा या पहचान से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं मिले
पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 45 साल थी. उसके पास से पासपोर्ट, वीजा या पहचान से जुड़े कोई अन्य दस्तावेज नहीं मिले. रेलवे पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह व्यक्ति कौन था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई.
