Mumbai Fire: मुंबई के विले पार्ले (पश्चिम) इलाके में मंगलवार देर रात एक इमारत की 11वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई. हादसे में ढाई साल के एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हुए हैं. आग बैपटिस्टा रोड स्थित शांता भवन नाम की 12 मंजिला इमारत में लगी थी. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के मुताबिक, हादसे में कुल आठ लोग प्रभावित हुए. इनमें से दो को अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया.
4,000 वर्ग फुट के इलाके में फैली आग
मुंबई फायर ब्रिगेड के मुताबिक, आग की सूचना रात करीब 10 बजे मिली. आग इमारत की 11वीं मंजिल पर लगी थी. कुछ ही देर में आग की तीव्रता इतनी बढ़ गई कि इसे लेवल-2 की आग घोषित कर दिया गया. आग करीब 4,000 वर्ग फुट के इलाके में फैली थी. इसकी चपेट में बिजली की वायरिंग, इलेक्ट्रिक सामान, एयर कंडीशनिंग यूनिट, घरेलू सामान, सोफे, बिस्तर, फॉल्स सीलिंग और रसोई का सामान आ गया.
धुएं के बीच 11वीं मंजिल पर फंसे लोग
दमकल अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के बाद 11वीं मंजिल पर कई निवासी फंस गए थे. दमकल कर्मियों ने इमारत में प्रवेश कर उन्हें बाहर निकाला. बचाव अभियान के दौरान दो लोग बेहोशी की हालत में मिले. एक दमकल अधिकारी के मुताबिक, पूरी गैलरी और इमारत में घना धुआं भर जाने के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा.
दो घायलों को इलाज के बाद मिली छुट्टी
BMC के अनुसार, घायलों में पार्थ (32), हिरेन (64), यशस्वी और अभिषेक भी शामिल हैं. दो घायलों को कूपर अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि नानावटी अस्पताल में भर्ती चार लोगों की हालत स्थिर बताई जा रही है. अबीर और अंकिता को अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
करीब दो घंटे बाद आग पर पाया गया काबू
दमकल विभाग ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आधी रात के आसपास आग पर काबू पाया. इसके बाद इमारत में कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया गया, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका को खत्म किया जा सके. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल की जांच के बाद ही आग लगने की सही वजह साफ हो सकेगी.
