मानसून का प्रकोप, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और नागालैंड में भारी तबाही, 16 की मौत

Heavy Rain Alert: देश के कई हिस्सों में मानसून ने विकराल रूप धारण कर लिया है. जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, नागालैंड और उत्तर बंगाल में भारी बारिश के चलते बाढ़, भूस्खलन और बिजली गिरने की घटनाएं हो रही है. इन हादसों में अब तक कम से कम 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं.

Heavy Rain Alert: उत्तर और पूर्वी भारत में एक्टिव मानसून ने रविवार को भारी तबाही मचाई. जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और नागालैंड समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़, भूस्खलन और बिजली गिरने की घटनाओं में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई. मौसम विभाग ने अगले छह से सात दिनों तक उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की चेतावनी दी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में अगले छह से सात दिनों तक दक्षिण-पश्चिम मानसून एक्टिव रहेगा.

जम्मू-कश्मीर में सबसे ज्यादा तबाही

जम्मू-कश्मीर के पुंछ और राजौरी जिलों में मूसलाधार बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं. सबसे अधिक नुकसान पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील में हुआ, जहां अधिकतर मौतें दर्ज की गईं. लगातार बारिश और क्षतिग्रस्त सड़कों के बीच बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं.

अमरनाथ यात्रा पर अस्थायी रोक

भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने पहलगाम और बालटाल मार्ग से अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी है. इसके साथ ही बालटाल, नुनवान-चंदनवाड़ी बेस कैंप और जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से श्रद्धालुओं की आगे की यात्रा भी फिलहाल स्थगित कर दी गई है. मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में 19 से 23 जुलाई तक व्यापक बारिश का अनुमान जताया है.

सीएम उमर अब्दुल्ला ने बीच में छोड़ा दिल्ली दौरा

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राज्य में खराब मौसम और तबाही को देखते हुए राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर प्रस्तावित दिल्ली दौरा बीच में ही खत्म कर जम्मू लौटने का फैसला किया. वहीं, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रभावित जिलों की स्थिति की समीक्षा कर अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए.

उत्तराखंड में बिजली गिरने से दो की मौत

उत्तराखंड के कई जिले लगातार बारिश से प्रभावित हैं. हरिद्वार में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई. राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) के अनुसार, भूस्खलन के चलते दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 84 सड़कें बंद हो गई हैं. मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट, जबकि चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट लागू है.

नागालैंड में बाढ़ और भूस्खलन से तीन की मौत

नागालैंड के मोन जिले में लगातार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई. कई मकान बह गए, सड़कें बंद हो गईं और कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है और राहत एवं बचाव अभियान जारी है.

उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी ने उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में अगले दो दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. लगातार बारिश के कारण तीस्ता, तोर्सा, जलढाका और रायडक नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है. मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में बाढ़ की भी चेतावनी दी है.

Also Read: Heavy Rain: नागालैंड में भारी बारिश का कहर, मोन जिले में बाढ़ और लैंडस्लाइड से तीन लोगों की मौत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >