Maharashtra Civic Polls : ना शरद ना उद्धव, महाराष्ट्र में अकेले चुनाव लड़ सकती है कांग्रेस

Maharashtra Civic Polls : महाराष्ट्र में खोई जमीन वापस पाने के लिए निकाय चुनावों में अकेले लड़ने का मन कांग्रेस बना रही है. यह खबर राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे की रैली के एक दिन बाद आई. यदि ऐसा होता है तो प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.

Maharashtra Civic Polls : महाराष्ट्र में इस वर्ष के अंत में स्थानीय निकाय चुनाव होने वाले हैं. इस चुनाव को लेकर कांग्रेस का एक बड़ा वर्ग चाहता है कि पार्टी राज्य के उन ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में अकेले चुनाव लड़कर अपनी खोई हुई जमीन वापस हासिल करे, जहां बीजेपी बहुत तेजी से अपनी स्थिति मजबूत कर रही है. कभी राज्य की सत्ता पर काबिज रही कांग्रेस वर्तमान में शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP)-शरदचंद्र पवार और उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (UBT) के साथ विपक्षी महाविकास अघाडी (एमवीए) का घटक दल है.

शिवसेना (UBT) और मनसे के एक साथ आने से बढ़ी बैचैनी

शिवसेना (UBT) की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के साथ नजदीकियों ने प्रतिद्वंद्वियों और सहयोगियों के बीच बेचैनी पैदा कर दी है. बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं का मानना ​​है कि कांग्रेस को दोतरफा दृष्टिकोण अपनाने पर विचार करना चाहिए, जिसमें पहला अपनी संगठनात्मक ताकत का पता लगाने के लिए स्वतंत्र रूप से स्थानीय चुनाव लड़ना और अगर आवश्यक हो तो चुनाव के बाद गठबंधन की संभावना तलाशना शामिल है.

महाराष्ट्र की कांग्रेस इकाई का बड़ा वर्ग चाहता है कि कांग्रेस कई नगर निकायों में अकेले चुनाव लड़े और चुनाव के बाद गठबंधन के लिए बातचीत के दरवाजे खुले रखे लेकिन इस पर अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व को करना है.

पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों का कहना है कि इस मॉडल को मुंबई, नागपुर, पुणे और नासिक जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण शहरी केंद्रों सहित नगर निगमों, नगर परिषदों, जिला परिषदों और पंचायत समितियों में अपनाया व दोहराया जाना चाहिए.

इस साल के अंत में होने हैं चुनाव

महाराष्ट्र के 29 नगर निगमों, 248 नगर परिषदों, 32 जिला परिषदों और 336 पंचायत समितियों के चुनाव इस वर्ष के अंत में या अगले वर्ष की शुरुआत में होने वाले हैं. ये चुनाव 2029 में होने वाले अगले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सबसे बड़ी चुनावी कवायद हैं. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शिवाजीराव मोघे ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने का एक साधन है. उन्होंने कहा, “सभी दलों को लगता है कि उन्हें जमीनी स्तर पर उन कार्यकर्ताओं को मजबूत करने के लिए अधिकतम सीट पर चुनाव लड़ना चाहिए, जो विधानसभा और संसद चुनावों में पार्टी उम्मीदवारों को जिताने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं.”

बीजेपी के बढ़ते प्रभाव को लेकर चिंतित है कांग्रेस

प्रदेश इकाई का मानना है कि स्थानीय चुनाव केवल निगम या निकाय चुनाव नहीं बल्कि महाराष्ट्र में पार्टी की वापसी के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी है. महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एमपीसीसी) के एक वरिष्ठ नेता ने संपर्क करने पर कहा, “हम अपने गठबंधन सहयोगियों शिवसेना (UBT) और NCP (शरदचंद्र पवार) के साथ चुनाव के बाद गठबंधन से इनकार नहीं कर रहे हैं लेकिन कांग्रेस को पहले अपने दम पर अपनी खोई हुई जमीन हासिल करने की जरूरत है.” पार्टी का प्रदेश नेतृत्व ग्रामीण और अर्ध-शहरी महाराष्ट्र में खासकर 2017-18 के चुनावों में प्रमुख नगर निगमों पर नियंत्रण हासिल करने के बाद बीजेपी के बढ़ते प्रभाव को लेकर चिंतित है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >