बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव क्षेत्र, दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास उत्तरी बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव क्षेत्र अगले 12 घंटों में और मजबूत हो सकता है. इसके असर से 13 अगस्त को ओडिशा और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है.

देश के कई हिस्सों में मानसून फिर तेज हो गया है. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव क्षेत्र और मध्य प्रदेश के ऊपर सक्रिय सिस्टम के कारण पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश का अनुमान है. कुछ राज्यों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है.

बंगाल की खाड़ी में कम दबाव क्षेत्र हुआ सक्रिय

पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के पास उत्तरी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव क्षेत्र बना हुआ है. इसके बाद अगले 24 घंटों में इसके डिप्रेशन में बदलने और पश्चिम बंगाल तथा उससे सटे बांग्लादेश तटों से होते हुए उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है. इस सिस्टम के असर से 13 अगस्त को ओडिशा और गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है.

राजस्थान में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना

उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में भी कम दबाव क्षेत्र बना हुआ है. इसके असर से 13 अगस्त को पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में जोरदार बारिश दर्ज की गई.

पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) भी सक्रिय

मध्य और ऊपरी पछुआ हवाओं में एक ट्रफ के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसकी धुरी मध्य क्षोभमंडलीय स्तर पर लगभग 68 डिग्री पूर्व देशांतर और 30 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में स्थित है. दक्षिणी हरियाणा और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. उत्तर-पूर्वी असम और आसपास के क्षेत्रों में भी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है.

हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट

13 से 18 अगस्त के दौरान हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में कई जगह बारिश होने की संभावना है. उत्तराखंड में 14 से 18 अगस्त के दौरान व्यापक बारिश का अनुमान है. हिमाचल प्रदेश में 14 अगस्त को बहुत भारी बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में 14 अगस्त और 16 से 17 अगस्त को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना है.

दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में भी बरसेंगे बादल

हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली और पंजाब में 14 और 15 अगस्त को कई जगह बारिश होने की संभावना है. 14 से 18 अगस्त के दौरान इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 अगस्त को और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 से 18 अगस्त के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है.

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश

13 और 14 अगस्त के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश और 13 से 18 अगस्त के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में कई जगह बारिश होने की संभावना है. पूर्वी मध्य प्रदेश में 15 और 16 अगस्त और छत्तीसगढ़ में 14 अगस्त को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना है.

पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा में जारदार बारिश के आसार

13 से 18 अगस्त तक गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई जगह बारिश हो सकती है. ओडिशा में 13 से 15 अगस्त तक व्यापक बारिश की संभावना है. 13 और 14 अगस्त के दौरान गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

पूर्वोत्तर भारत में पूरे सप्ताह बारिश

13 से 18 अगस्त के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक बारिश होने की संभावना है. 15 से 18 अगस्त के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश भी हो सकती है.

महाराष्ट्र और गुजरात में भी भारी बारिश

13 से 18 अगस्त के दौरान कोंकण और गोवा में व्यापक बारिश होने की संभावना है. मध्य महाराष्ट्र में 13 और 14 अगस्त और गुजरात क्षेत्र में 13 अगस्त तक कई जगह बारिश हो सकती है. मध्य महाराष्ट्र में 14 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है.

दक्षिण भारत में तेज हवा और बारिश का दौर

13 से 18 अगस्त के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, दक्षिणी अंदरूनी कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तेलंगाना में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 13 और 14 अगस्त, केरल और माहे में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >