LOC Tension : समझाने पर भी नहीं मान रहा पाकिस्तान, सातवें दिन एलओसी पर की फायरिंग, मिला करारा जवाब

LOC Tension : पहलगाम हमले के एक दिन बाद, 23 अप्रैल को भारत ने पाकिस्तान के विरुद्ध कई फैसले लिये. इनमें सिंधु जल संधि को निलंबित करना, अटारी में एकमात्र भूमि सीमा पार संचालन को बंद करना और हमले के सीमापार संबंधों के मद्देनजर राजनयिक संबंधों को कम करना शामिल था. इसके बाद पाकिस्तान बौखला गया है और वह एलओसी पर फायरिंग कर रहा है.

LOC Tension : भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं. बुधवार को पाकिस्तान ने लगातार सातवीं रात बिना किसी उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन किया. पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, उरी और अखनूर सेक्टरों में गोलीबारी की, जिसका भारतीय सेना ने तुरंत और संयमित तरीके से जवाब दिया. यह घटनाएं 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद लगातार देखी जा रही हैं, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और अधिक बढ़ गया है.

भारत ने संघर्ष विराम उल्लंघन को लेकर पहले ही पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दी थी, इसके बावजूद पाकिस्तान ने फायरिंग जारी रखी. इस मामले को लेकर दोनों देशों के सैन्य संचालन महानिदेशकों (DGMO) ने मंगलवार को हॉटलाइन पर बातचीत की और पाकिस्तानी सेना द्वारा किए गए उल्लंघन पर चर्चा की.

अतिरिक्त बीएसएफ जवानों को तैनात किया गया

मंगलवार सुबह तक संघर्ष विराम उल्लंघन केवल नियंत्रण रेखा तक ही सीमित था, लेकिन मंगलवार देर रात जम्मू के परगवाल सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा गोलीबारी शुरू किए जाने के बाद स्थिति और बिगड़ गई. अंतरराष्ट्रीय सीमा पर परागवाल सेक्टर में गोलीबारी के बाद अतिरिक्त बीएसएफ जवानों को तैनात किया गया है. सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में तैनात भारतीय सेना के जवानों ने मौजूदा स्थिति और संघर्ष विराम उल्लंघन के बारे में सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) को जानकारी दी.

युद्धविराम समझौते का कुछ दिन पहले तक हो रहा था पालन

तनाव कम करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया था. भारतीय और पाकिस्तानी सेनाओं ने 25 फरवरी, 2021 को घोषणा की कि वे 2003 के युद्धविराम समझौते के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी बंद कर देंगे. पिछले सप्ताह तक संघर्ष विराम समझौते का मोटे तौर पर पालन किया जा रहा था. भारत के इस दावे के बाद कि वह पहलगाम हमले में शामिल आतंकवादियों का पता लगाएगा, पाकिस्तानी सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है.

यह भी पढ़ें : पाकिस्तान को एक और चोट, भारत ने बंद किया हवाई क्षेत्र, नहीं उड़ पाएगी कोई भी फ्लाइट

सरकारी सूत्रों के हवाले से इंडिया टुडे ने जो खबर  दी है उसके अनुसार, मंगलवार को रक्षा अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कई निर्देश दिए. पीएम ने कहा कि आतंकवादी हमले पर भारत की प्रतिक्रिया के तरीके, टारगेट और समय पर निर्णय लेने के लिए सशस्त्र बल पूरी तरह से स्वतंत्रत है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि आतंकवाद को करारा झटका देना राष्ट्रीय संकल्प है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >