Korba Lohardaga Train : कब से चलेगी कोरबा से लोहरदगा के बीच ट्रेन?

Korba Lohardaga Train : कोरबा-लोहरदगा रेल लाइन सर्वे का जशपुर में ग्रामीणों ने विरोध किया. उन्होंने मुआवजे की मांग करते हुए सर्वे टीम को गांव में प्रवेश से रोक दिया. इस रेलवे लाइन का लोगों को कई सालों से इंतजार है.

Korba Lohardaga Train : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में कोरबा-लोहरदगा रेल लाइन के प्रस्तावित सर्वे को लेकर हाल ही में विवाद हो गया। सर्वे के लिए पहुंची अधिकारियों की टीम को सैकड़ों ग्रामीणों ने गांव में प्रवेश नहीं करने दिया. यह रेल परियोजना लंबे समय से प्रतीक्षित है और इसके शुरू होने से छत्तीसगढ़ के साथ-साथ झारखंड के लोगों को भी लाभ होगा. प्रशासन स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने में जुटा हुआ है. झारखंड के लोहरदगा से गुमला होते हुए छत्तीसगढ़ के कोरबा तक रेलवे लाइन बिछाने की उम्मीद फिर से साल 2023 में  जागी थी. केंद्रीय रेल मंत्रालय ने ड्रोन सर्वे के लिए संबंधित जिलों के उपायुक्तों से सहयोग मांगा था.

साल 2023 में रायगढ़ संसदीय क्षेत्र की सांसद गोमती साय ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय रेल मंत्रालय से मुलाकात कर लोहरदगा, गुमला होते हुए कोरबा तक रेलवे लाइन बिछाने की मांग की थी. उन्होंने कार्य जल्द शुरू करने का आग्रह भी किया था. सांसद की पहल के बाद यह मुद्दा फिर चर्चा में आ गया था. इस बीच गुमला जिले के कई व्हाट्सएप ग्रुपों में ड्रोन सर्वे और संभावित स्टेशनों की सूची वायरल होने लगी थी.

झारखंड और छत्तीसगढ़  के लिए फायदेमंद होगा

झारखंड और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाली कोरबा-जशपुर-गुमला-लोहरदगा रेल लाइन की मांग इन दोनों राज्यों के पांच जिलों में वर्षों से उठ रही है. पूर्व में 250 किमी का सर्वे हो चुका है, लेकिन अब तक यह परियोजना केवल सपना बनी हुई है. कोरबा, रायगढ़, जशपुर और गुमला के लोग रेलवे सुविधा का इंतजार कर रहे हैं. साल 2023 में ड्रोन सर्वे को लेकर जारी पत्र के बाद लोगों में एक बार फिर उम्मीद जगी थी.

पहली बार कब उठी थी इस ट्रेन की मांग

झारखंड और छत्तीसगढ़ के बीच दूरी कम करने और रेल सुविधा बढ़ाने की मांग सबसे पहले 1975 में कोरबा से रांची तक रेल लाइन के रूप में उठी थी. दूरी अधिक होने के कारण बाद में कोरबा से लोहरदगा तक रेल लाइन बिछाने की मांग जोर पकड़ने लगी. यह मांग वर्षों से जारी है. दोनों राज्यों के सांसद और विधायक कई बार सर्वे करवा चुके हैं, लेकिन अब तक यह परियोजना केवल सर्वे तक ही सीमित रह गई.

रेल मार्ग से रोजगार के अवसर खुल जाएंगे

कोरबा, भाया, जशपुर और गुमला से लोहरदगा तक रेल लाइन बिछने पर 250 किमी की दूरी आसान हो जाएगी और गरीबों को सुगम यात्रा मिलेगी. कोरबा व लोहरदगा में उद्योग स्थापित हैं, जिससे कच्चे माल का आयात-निर्यात सरल होगा. यह रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा. खासतौर पर गुमला, जो कृषि में आगे बढ़ रहा है, किसानों की उपजायी सब्जियां छत्तीसगढ़ तक आसानी से पहुंच पाएगी. इससे क्षेत्र का विकास होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >