पुणे के पास लोनावला स्थित लोहागढ़ किले में 18 जून को कथित तौर पर मारे गए केतन अग्रवाल के परिवार ने सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी के लिए फांसी की सजा की मांग की है. परिजनों का कहना है कि दोनों आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए. केतन को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके परिवार, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने कैंडल मार्च निकाला जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए. लोगों के हाथों में मोमबत्तियां और “जस्टिस फॉर केतन अग्रवाल” लिखे पोस्टर थे.
पुलिस के मुताबिक, इस कथित हत्या के पीछे की सटीक वजह की जांच अभी जारी है. हालांकि शुरुआती जांच में सामने आया है कि सिया गोयल केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और पिछले एक साल से अधिक समय से चेतन चौधरी के साथ रिश्ते में थी. सिया और केतन की शादी इसी साल नवंबर में उदयपुर में धूमधाम से होने वाली थी.
सिया गोयल और चेतन चौधरी को फांसी दी जाए, केतन की मां की मांग
केतन अग्रवाल की मां राखी अग्रवाल ने कहा कि वह अपने बेटे की मौत के मामले में जल्द न्याय चाहती हैं. उन्होंने मांग की कि आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को कड़ी से कड़ी सजा मिले और उन्हें फांसी दी जाए. केतन की मां ने भावुक होकर कहा कि मैं अपने बेटे के लिए इंसाफ चाहती हूं. मैं सिया और चेतन दोनों के लिए फांसी की सजा की मांग करती हूं. मैं भी एक मां हूं और सिया की भी मां है…लेकिन मेरे बेटे के साथ जो हुआ, उसके लिए दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए. मुझे सिर्फ अपने बेटे के लिए न्याय चाहिए.
घर में बहू लाने का सपना देख रहा था लेकिन.., केतन के पिता ने कहा
केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने कहा कि उनके बेटे की बिना किसी वजह के हत्या कर दी गई. उन्होंने कहा कि केतन ने किसी का कोई नुकसान नहीं किया था. उसने ऐसा कोई काम नहीं किया था, जिसके कारण उसे इतनी दर्दनाक मौत का सामना करना पड़े. केतन के पिता ने कहा कि मेरे 26 साल के बेटे की बिना किसी स्पष्ट वजह के हत्या कर दी गई. अब तक हमें यह भी नहीं पता चल पाया है कि उसे क्यों मारा गया. मेरे बेटे की कोई गलती नहीं थी. मैं उसकी शादी की तैयारी कर रहा था. घर में बहू लाने का सपना देख रहा था, लेकिन कभी नहीं सोचा था कि मुझे अपने ही बेटे को खोना पड़ेगा.
यह भी पढ़ें : पुणे मर्डर केसः 14 करोड़ की शादी में दूल्हे का मर्डर, मंगेतर बनी ‘विलेन’
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि मेरे बेटे को न्याय दिलाने में साथ दें और उसके हत्यारों को फांसी की सजा दिलाने की मांग करें. मुझे उम्मीद है कि जब तक आरोपियों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक आप सभी मेरे साथ खड़े रहेंगे.
