कर्नाटक चुनाव: जगदीश शेट्टार के घर लौटते ही जानें क्यों रो पड़ी पत्नी, सांत्वना देते दिखाई दिए दिग्गज नेता

Karnataka Elections 2023: कांग्रेस में आज शामिल हुए जगदीश शेट्टार का उनके निर्वाचन क्षेत्र में जोरदार स्वागत किया गया. उनकी पत्नी शिल्पा स्वागत को देखकर भावुक हो गईं.

Karnataka Elections 2023: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए. इसके कुछ ही घंटों बाद जगदीश शेट्टार का उनके निर्वाचन क्षेत्र में जोरदार स्वागत किया गया. जिसका एक वीडियो वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में उनकी पत्नी शिल्पा स्वागत को देखकर भावुक हो गईं.

पत्नी को सांत्वना देते दिखाई दिए शेट्टार

गौरतलब है कि पूर्व सीएम जगदीश शेट्टार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस बार कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए प्रत्याशी नहीं बनाया, जिसके बाद उन्होंने पार्टी से विद्रोह कर दिया और आज कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए. इसके साथ ही, शेट्टार जब हुबली में अपने घर पहुंचे, उनकी पत्नी फूट-फूट कर रो पड़ीं. दिग्गज नेता जगदीश शेट्टार भी इस मौके पर भावुक हो गए और पत्नी को सांत्वना देते दिखाई दिए. वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत किया.

बीजेपी ने मुझे अपमानित किया: शेट्टार

कांग्रेस में शामिल होने के बाद जगदीश शेट्टार ने संवाददाताओं से कहा, वरिष्ठ नेता होने के नाते मैंने सोचा था कि बीजेपी मुझे टिकट देगी, लेकिन जब मुझे पता चला कि मुझे टिकट नहीं मिल रहा है तो मैं चौंक गया. किसी ने मुझसे बात तक नहीं की और न ही मुझे मनाने की कोशिश की गई. बीजेपी पर खुद को अपमानित करने का आरोप लगाते हुए जगदीश शेट्टार ने कहा कि अपने सभी शुभचिंतकों और समर्थकों से परामर्श करने के बाद मैंने पार्टी छोड़ने और आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया. उन्होंने कहा, तब एमबी पाटिल, सुरजेवाला, सिद्धारमैया और शिवकुमार ने मुझसे संपर्क किया और मुझे कांग्रेस में शामिल होने के लिए कहा. मुझे जबरदस्ती उस पार्टी से बाहर कर दिया गया, जिसे मैंने खड़ा किया. मेरे सामने कोई विकल्प नहीं था. इसलिए मैं कांग्रेस की विचारधारा और सिद्धांतों को तहे दिल से स्वीकार करते हुए इसमें शामिल हो रहा हूं.

जगदीश शेट्टार को मिला कांग्रेस का साथ

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष डीके शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया सहित अन्य लोगों की उपस्थिति में जगदीश शेट्टार पार्टी में शामिल हुए़. उनके इस कदम से कांग्रेस का हौंसला बढ़ा है. पार्टी की प्रचार समिति के अध्यक्ष एमबी पाटिल ने कहा, अब लिंगायत बीजेपी के खिलाफ होकर कांग्रेस का रुख करेंगे. बताते चलें कि पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं लिंगायत नेता लक्ष्मण सावदी ने भी अथानी सीट से उन्हें टिकट न मिलने पर पिछले हफ्ते बीजेपी छोड़ दी थी और वह कांग्रेस में शामिल हो गए थे.

Also Read: Karnataka Elections 2023: नेशनल पार्टी बनने पर उत्साहित AAP का जानिए क्या है कर्नाटक चुनाव में लक्ष्य

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Samir Kumar

More than 15 years of professional experience in the field of media industry after M.A. in Journalism From MCRPV Noida in 2005

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >