कर्नाटक: डीके शिवकुमार समेत नए मंत्रियों पर लग सकती है मुहर! आज होगी CLP की बैठक

Karnataka CLP Meeting: कर्नाटक में बड़े राजनीतिक बदलाव की आहट तेज हो गई है. शनिवार को होने वाली कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक में नेतृत्व परिवर्तन, मंत्रिमंडल फेरबदल और नए चेहरों को मौका देने जैसे अहम फैसलों पर मुहर लग सकती है.

Karnataka CLP Meeting: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद राज्य में सियासी हलचल तेज है. डीके शिवकुमार के बारे में यह कहा जा रहा है कि वे प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे. इसी बीच कर्नाटक विधान परिषद के मुख्य सचेतक और कांग्रेस नेता सलीम अहमद ने अहम बयान देकर राजनीतिक हलचल और तेज कर दी है. उन्होंने कहा कि राज्य कांग्रेस नेतृत्व शनिवार (30 मई) को होने वाली कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक में बड़े फैसले ले सकती है. उन्होंने कहा कि इस बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार, नेतृत्व बदलाव और नए चेहरों को मौका देने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी.

50 फीसदी नए चेहरे हो सकते हैं मंत्रिमंडल में शामिल

मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर सलीम अहमद ने कहा कि पार्टी 50 प्रतिशत नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल करने पर विचार कर रही है. उन्होंने कहा कि लंबे समय से मंत्री रहे अनुभवी नेताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं. कांग्रेस कामराज योजना मॉडल के तहत संगठन को मजबूत करने और 2028 विधानसभा चुनावों की तैयारी करने की रणनीति बना रही है.

उपमुख्यमंत्रियों की संख्या पर भी होगा निर्णय

सलीम अहमद ने बताया कि CLP बैठक के बाद यह तय किया जाएगा कि राज्य में उपमुख्यमंत्री होंगे या नहीं, और यदि होंगे तो उनकी संख्या कितनी होगी. यह फैसला भी पार्टी हाईकमान की सहमति से लिया जाएगा. बैठक में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी के वरिष्ठ नेता रणदीप सूरजेवाला मौजूद रहेंगे. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद और नई सरकार के गठन को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं इसी बैठक में की जा सकती हैं. इसके बाद शपथ ग्रहण समारोह की तारीख तय होगी.

हाईकमान और मुख्यमंत्री लेंगे अंतिम फैसला

सलीम अहमद ने बताया कि बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होंगे और मंत्रियों की नियुक्ति, विभागों का बंटवारा के साथ-साथ क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए कई फैसले कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि कितने मौजूदा मंत्रियों को बरकरार रखा जाएगा और कितने नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा, इसका अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान और मुख्यमंत्री करेंगे.

सिद्धारमैया ने पार्टी नेतृत्व से की मुलाकात

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सिद्धारमैया ने दिल्ली पहुंचकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता के रूप में मिले अवसरों के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और आगे की रणनीति पर चर्चा की.

राज्यपाल ने स्वीकार किया सिद्धारमैया का इस्तीफा

कर्नाटक सियासी माहौल उस समय गरमा गया जब कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. सिद्धारमैया ने गुरुवार को कांग्रेस हाईकमान के निर्देश के बाद अपना इस्तीफा सौंपा था.

डीके शिवकुमार ने भी की हाईकमान से मुलाकात

कांग्रेस ने राज्य में नए सिरे से सरकार गठन की तैयारियों को तेज कर दिया है. इसी बीच कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने दिल्ली जाकर राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की. बैठक में राज्य में नई सरकार के गठन और मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर चर्चा हुई.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है और अपने करियर की शुरुआत इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से की है. टीवी पत्रकारिता में काम करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया का रुख किया और पिछले सात वर्षों से प्रभात खबर डॉट कॉम से जुड़े हुए हैं.

राजनीति, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल हैं. इसके साथ ही वे मौसम, रेलवे, सरकारी योजनाओं, जन-उपयोगी खबरों और समसामयिक मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं. विज्ञान, अंतरिक्ष और ब्रह्मांड से जुड़े विषयों में उनकी विशेष दिलचस्पी है और इन जटिल विषयों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करते हैं.

टीवी और डिजिटल, दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव उनकी पत्रकारिता को व्यापक दृष्टिकोण देता है. खबरों की तथ्यपरकता, आधिकारिक स्रोतों की पुष्टि और आम पाठकों के लिए उपयोगी जानकारी को सरल तरीके से प्रस्तुत करना उनकी लेखन शैली का अहम हिस्सा है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >