कारगिल विजय दिवस के मौके पर द्रास में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को लेकर भारत का रुख साफ किया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से भारत कोई बातचीत नहीं करेगा. अगर बातचीत होगी तो सिर्फ पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) पर होगी, क्योंकि वह भारत का हिस्सा है और पाकिस्तान ने उस पर अवैध कब्जा कर रखा है.
राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद को अपनी सरकारी नीति का हिस्सा बना लिया है. वहां सेना और आतंकवादी संगठनों के बीच कोई फर्क नहीं रह गया है. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने साफ संदेश दिया था कि अब आतंकियों और उन्हें संरक्षण देने वाली सरकार को अलग-अलग नहीं देखा जाएगा.
राजनाथ सिंह ने कहा, ‘’आज भारत विकास, नये टेक्नोलॉजी और इनोवेशन की राह पर आगे बढ़ रहा है, जबकि पाकिस्तान अब भी आतंकवाद और घुसपैठ को बढ़ावा देने में लगा है. उन्होंने कहा कि भारत जहाज, सेमीकंडक्टर, सॉफ्टवेयर और अंतरिक्ष तकनीक में दुनिया के साथ आगे बढ़ रहा है, जबकि पाकिस्तान आतंकवादियों और आत्मघाती हमलावरों को तैयार करने में लगा है.’’
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत दुनिया को UPI जैसी डिजिटल सुविधा दे रहा है, जबकि पाकिस्तान हवाला के जरिए आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से भारत की तरक्की रोकने की कोशिश करेगा, तो भारतीय सेना उसे करारा जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र राजनाथ सिंह ने किया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सेना ने हर मुश्किल समय में अपनी बहादुरी और हिम्मत का परिचय दिया है. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारे जवानों ने आतंकियों और उनका साथ देने वालों को ऐसा करारा जवाब दिया, जिसे वे कभी नहीं भूलेंगे. राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर पाकिस्तान भविष्य में कोई नापाक हरकत करता है, तो भारत उसे पहले से भी ज्यादा सख्त और मुंहतोड़ जवाब देने की पूरी ताकत रखता है.
