झारखंड में छात्र आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज का मुद्दा अब संसद तक पहुंच गया है. इस मामले को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं. मंगलवार को NDA सांसदों ने विपक्ष के खिलाफ संसद के मकर द्वार की ओर मार्च किया. इस दौरान भाजपा सांसद मनोज तिवारी और अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर तीखी हमला बोला. हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रहे NDA सांसदों ने विपक्ष पर संसद में इस मुद्दे पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया. इन आरोपों पर वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने जवाब दिया.
मकर द्वार की ओर NDA सांसदों का मार्च
NDA सांसदों ने संसद परिसर में विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मकर द्वार की ओर मार्च किया. सांसदों के हाथों में विपक्ष के खिलाफ नारे लिखी तख्तियां थीं. प्रदर्शन के दौरान सत्ता पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष सदन में चर्चा से बच रहा है. सत्ता पक्ष का कहना है कि गृह मंत्री अमित शाह 20 जुलाई को दिल्ली में हुए छात्र आंदोलन में हुई हिंसा के मुद्दे पर सदन में जवाब देने के लिए तैयार हैं.
मनोज तिवारी बोले- अमित शाह देंगे जवाब, राहुल गांधी भागना मत
प्रदर्शन के दौरान बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘अमित शाह जी जवाब देंगे, राहुल गांधी भागना मत...’ उन्होंने आगे कहा, ‘राहुल गांधी शर्म करो, झारखंड में छात्रों के ऊपर इतनी बर्बरता हुई है.’
अनुराग ठाकुर ने भी राहुल गांधी पर साधा निशाना
इससे पहले बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने भी झारखंड के छात्रों के साथ हुए लाठीचार्ज और कथित अत्याचार का मुद्दा उठाते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा था. अनुराग ठाकुर ने कहा, “झारखंड के युवाओं को न्याय मिलना चाहिए. जिस तरह उनके ऊपर लाठीचार्ज किया गया और अत्याचार हुआ, उससे राहुल गांधी की मानसिकता का पता चलता है. यह दिखाता है कि राहुल गांधी के समर्थकों द्वारा शासित राज्य में युवाओं के साथ कैसा व्यवहार किया जा रहा है और उन्हें न्याय से कैसे वंचित किया जा रहा है.’
ठाकुर ने आगे कहा, ‘दूसरी ओर, वह खुद सदन में उपस्थित नहीं होते और गृह मंत्री से जवाब मांगते हैं. गृह मंत्री जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी सुर्खियों में बने रहने के लिए झूठ फैला रहे हैं और गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं.’
NDA के प्रदर्शन के बीच संसद पहुंचीं प्रियंका गांधी
इसी बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी संसद पहुंचीं. NDA सांसदों के प्रदर्शन के दौरान उनसे झारखंड के छात्र आंदोलन को लेकर सवाल किया गया. इस दौरान भाजपा के कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे थे, उनकी ओर मुखातिब होते हुए प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “राहुल गांधी ने झारखंड के छात्रों से मुलाकात की है.”
झारखंड में छात्र आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जारी यह राजनीतिक टकराव अब संसद परिसर तक पहुंच गया है. NDA सांसद जहां सरकार की ओर से गृह मंत्री अमित शाह के जवाब देने की तैयारी का हवाला देते हुए विपक्ष पर चर्चा से भागने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं विपक्ष इस मामले को छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता और उनके अधिकारों से जोड़कर उठा रहा है.
ये भी पढ़ें:- NDA सांसदों का 'मंगल मिलन', पीएम मोदी के साथ सांसदो ने लहराया तिरंगा, संसद तक करेंगे मार्च
