आपदा में अफगानिस्तान को मिला भारत का साथ, बाढ़ और भूकंप पीड़ितों के लिए भेजा यह सामान

Afghanistan Flood and Earthquake: भारत ने बाढ़ और भूकंप से तबाह अफगानिस्तान के लिए राहत सामग्री भेजी है. इसमें किचन सेट, स्वच्छता किट, तिरपाल, स्लीपिंग बैग जैसी आवश्यक चीजें शामिल हैं. अफगानिस्तान में आई आपदा में बीते 10 दिनों में 77 लोग मारे गए, 137 घायल हुए हैं. इसके अलावा 793 घर नष्ट और 2,673 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं.

Afghanistan Flood and Earthquake: अफगानिस्तान में हाल के दिनों में कुदरत का कहर देखने को मिला. बाढ़ और भूकंप से कारण कई इलाकों में जमकर तबाही मची है. ऐसे में भारत ने अफगानिस्तान के लोगों के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है. भारत सरकार ने राहत सामग्री की नई खेप भेजी है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत इस कठिन समय में अफगानिस्तान के लोगों को मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है. जायसवाल ने कहा- हालिया बाढ़ और भूकंप के कारण अफगान लोगों की कठिनाइयों को देखते हुए भारत एचएडीआर (मानवीय सहायता और आपदा राहत) सामग्री भेज रहा है.

भारत ने राहत सामग्री में क्या भेजा?

भारत ने अफगानिस्तान में राहत सामग्री में किचन सेट, स्वच्छता किट, प्लास्टिक शीट, तिरपाल, स्लीपिंग बैग समेत कई अन्य आवश्यक सामग्रियों को भेजा है. रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर कहा- भारत अफगानिस्तान के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है और इस चुनौतीपूर्ण समय में मानवीय सहायता और समर्थन देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

अफगानिस्तान में बाढ़ और भूस्खलन में 10 दिनों में 77 लोगों की मौत

अफगानिस्तान में भारी बारिश और तूफान के कारण तबाही मची है. शनिवार (4 अप्रैल) को जारी आंकड़ों के मुताबिक बाढ़, भूस्खलन और आकाशीय बिजली गिरने से बीते 10 दिनों में 77 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और 137 लोग घायल हुए हैं. अफगानिस्तान में आने वाले दिनों में और अधिक बारिश का पूर्वानुमान है. कुदरत के कहर में कुल मिलाकर 793 घर पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं और 2,673 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि बाढ़ और भूस्खलन ने 337 किलोमीटर सड़कों को नष्ट कर दिया है.

बाढ़ के बाद भूकंप ने मचाई तबाही

बीते दिनों अफगानिस्तान के कुछ हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किये गये. भूकंप के कारण अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है. शुक्रवार (3 अप्रैल) को उत्तरी अफगानिस्तान में 5.8 तीव्रता का भूकंप आया था. भूकंप के झटके काबुल, पंजशीर, लोगार, नंगरहार, लगमान और नूरिस्तान प्रांतों महसूस किये गये. भूकप के कारण पांच घर पूरी तरह नष्ट हो गए और 33 अन्य बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे 40 परिवार प्रभावित हुए है. (भाषा इनपुट)

Also Read: ट्रंप की धमकी, होर्मुज खोलो वरना तबाही! ईरान बोला- खोल देंगे जहन्नुम के दरवाजे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >