एआई समिट में प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस का एक्शन, हिरासत में 10 लोग, छाते में स्टीकर लाने का था प्लान

India AI Impact Summit: इंडिया एआई इंपैक्ट समिट में प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लि लिया है. पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारी छाते में स्टीकर छिपाकर परिसर के अंदर घुसने का प्लान बनाए थे.

India AI Impact Summit: एआई समिट में प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है. पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया है. यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार (20 फरवरी) को AI इम्पैक्ट समिट के आयोजन स्थल पर पहुंचकर अमेरिका से ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन किया. इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी भी की गई. दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार “इस मामले में हिरासत में लिए गए चारों व्यक्तियों ने पहले काले रंग की छतरियों पर छपे हुए स्टिकर चिपकाकर भारत मंडपम में प्रवेश करने की योजना बनाई थी. फिर उन्हें एहसास हुआ कि गेट पर जांच के दौरान काली छतरियां पकड़ी जाएंगी. इसलिए उन्होंने अपनी योजना बदल दी और टी-शर्ट पर छपे हुए स्टिकर चिपका दिए. स्टिकर कहां छपे थे, यह पता लगाने के लिए जांच जारी है.”

हॉल नंबर-5 से अंदर पहुंचकर किया प्रदर्शन

भारतीय युवा कांग्रेस से जुड़े प्रदर्शनकारी हॉल नंबर-5 के भीतर मार्च करते हुए पहुंचे. उनके पास सफेद टी-शर्ट थीं या उन्होंने पहन रखी थीं, जिन पर पीएम नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें छपी थीं. टी-शर्ट पर इंडिया-यूएस ट्रेड डील, एपस्टीन फाइल्स और पीएम इज कम्प्रोमाइज्ड जैसे नारे लिखे थे. कुछ प्रदर्शनकारियों ने विरोध जताते हुए अपनी टी-शर्ट उतार दी, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद कुछ प्रतिभागियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली. पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि भी शामिल हैं. घटना के बाद पुलिस ने पूरे परिसर की सुरक्षा और कड़ी करने की बात कही है.

बीजेपी ने किया कांग्रेस पर हमला

यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का यह विरोध प्रदर्शन कुछ ही मिनटों तक चला, जिसके बाद समूह को हॉल से बाहर निकाल दिया गया. इस घटना ने अतिथियों और अन्य मेहमानों को हैरान कर दिया, क्योंकि एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान ऐसी घटना की किसी को उम्मीद नहीं थी. बीजेपी के वरिष्ठ नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास है. उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा ‘‘जब भी भारत वैश्विक मंच पर आगे बढ़ता है, कांग्रेस राष्ट्रहित के साथ खड़े होने के बजाय राजनीतिक लाभ लेने को प्राथमिकता देती दिखाई देती है. दलगत राजनीति को देश की प्रतिष्ठा और सम्मान से ऊपर रखना अत्यंत दुखद है.’’

राहुल गांधी के घर पर रची गई है साजिश- संबित पात्रा

बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि यह घटना कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के कहने पर अंजाम दी गई है. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा ‘‘यह साजिश राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी में, राहुल गांधी के निवास स्थान पर रची गई थी. यह प्रयोग है, संयोग नहीं. यह भारत के विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ओर से भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास है.’’

कांग्रेस ने क्या कहा?

इधर घटना के बाद युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदयभानु चिब ने कहा ‘‘युवा कांग्रेस के साथियों ने स्पष्ट कर दिया कि देश का युवा अब चुप नहीं बैठेगा. ‘पीएम इज कंप्रोमाइज्ड ‘ सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि करोड़ों बेरोजगार युवाओं का आक्रोश है. अमेरिका के साथ यह व्यापार समझौता हमारे किसानों और जनता के हितों के साथ खिलवाड़ है, जिससे सिर्फ अमेरिका को फायदा होगा. लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हमारा अधिकार है और हम युवाओं की आवाज बुलंद करते रहेंगे.’’ उनका कहना है, ‘‘हम ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के खिलाफ नहीं हैं. हम भारत के हितों के साथ हो रहे समझौते के खिलाफ हैं, इसलिए हमने आज ये प्रदर्शन किया है.’’ (इनपुट भाषा)

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस के टॉपलेस प्रदर्शन पर भड़की बीजेपी, कहा -‘राहुल गांधी ने विदेशी मेहमानों के सामने…’

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >