Honey Trapped IAF Officer Leak Defence Data: भारतीय वायुसेना (IAF) के एक विंग कमांडर को कथित तौर पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि सोशल मीडिया पर एक महिला ने उन्हें अपने जाल में फंसाया और उनसे भारत की रक्षा व्यवस्था से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल की. अब इस मामले में दिल्ली पुलिस ने अदालत में चार्जशीट भी दाखिल कर दी है.
सोशल मीडिया विंग कमांडर की महिला से हुई दोस्ती
दिल्ली पुलिस के अनुसार, 44 वर्षीय विंग कमांडर की इस साल की शुरुआत में सोशल मीडिया पर एक महिला से दोस्ती हुई. दोनों के बीच चैट और सुरक्षित मैसेजिंग ऐप के जरिए बातचीत होने लगी. जांच में सामने आया कि महिला ने भरोसा जीतने के बाद अधिकारी से रक्षा से जुड़े गोपनीय दस्तावेज, फोटो और वीडियो साझा करने के लिए कहा.
पाकिस्तान से जुड़े होने का शक
जांच एजेंसियों का मानना है कि जिस महिला ने अधिकारी को हनी ट्रैप में फंसाया, वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के लिए काम कर रही हो सकती है. पुलिस को शक है कि वह भारत की रक्षा से जुड़ी जानकारी जुटाने वाले बड़े जासूसी नेटवर्क का हिस्सा है.
स्पाइवेयर इंस्टॉल कराने का भी आरोप
जांच में यह भी सामने आया है कि महिला ने विंग कमांडर से उनके एक सहकर्मी के मोबाइल फोन में एक ऐप इंस्टॉल कराने के लिए कहा था. अधिकारियों का मानना है कि यह ऐप स्पाइवेयर या रिमोट एक्सेस मालवेयर हो सकता है, जिससे मोबाइल का डेटा चोरी किया जा सकता था और लोकेशन भी ट्रैक की जा सकती थी.
ये भी पढ़ें: बंगाल में टीएमसी के पूर्व विधायक सनत डे गिरफ्तार, रंगदारी के जरिए जमीन हड़पने समेत लगे हैं कई आरोप
IAF की निगरानी में आया मामला
भारतीय वायुसेना की खुफिया शाखा को इलेक्ट्रॉनिक निगरानी के दौरान अधिकारी की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली. इसके बाद सबूत दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को सौंपे गए. शिकायत के आधार पर 30 मई को अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया.
ये भी पढ़ें: घर में मिला महिला का कंकाल, एक साल से पड़ी थी लाश; किसी ने नहीं पूछा हाल
चार्जशीट दाखिल, तिहाड़ जेल में बंद
दिल्ली पुलिस ने बताया कि मामले की जांच पूरी होने के बाद 30 जुलाई को अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है. अधिकारी पर ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट (Official Secrets Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद हैं. पुलिस ने बताया कि मामला अभी अदालत में विचाराधीन है, इसलिए जांच से जुड़ी अधिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है.
