Assam New CM: असम विधानसभा चुनाव में हैट्रिक जीत के बाद बीजेपी अब सरकार गठन की तैयारी में जुटी है. हिमंता बिस्वा सरमा ने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा- असम चुनाव 2026 के परिणामों की औपचारिक अधिसूचना के बाद और नयी सरकार के गठन के लिए डॉ. हिमंता बिस्व सरमा ने बुधवार (6 मई) क लोक भवन में राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंप दिया है.
राज्यपाल ने स्वीकार किया इस्तीफा
सीएमओ ने अपने पोस्ट में कहा गया कि राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. साथ ही नयी सरकार के पदभार संभालने तक सरमा से कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने का अनुरोध किया है.
कब होगा शपथ ग्रहण समारोह
इस्तीफा देने के बाद लोक भवन के बाहर हिमंता सरमा ने मीडिया से बात की. सरमा ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद होने की संभावना है.
क्या पीएम मोदी होंगे शपथ ग्रहण में शामिल?
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत है, इसलिए इस अवसर पर हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है. सरमा ने बताया कि असम के नए मुख्यमंत्री का चयन केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में भाजपा विधायक दल की बैठक में किया जाएगा.
असम चुनाव में बीजेपी की बंपर जीत
असम चुनाव में बीजेपी ने लगातार तीसरी बार जीतकर हैट्रिक बनायी है. एनडीए गठबंधन ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीती हैं. असम में विधानसभा चुनाव नौ अप्रैल को एक चरण में हुए थे और मतगणना चार मई को हुई थी.
राज्यपाल को सौंपे गये विधानसभा चुनाव के नतीजे
असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) अनुराग गोयल ने राज्य विधानसभा चुनाव के परिणाम बुधवार को राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सौंप दिए हैं. गोयल के नेतृत्व में सीईओ कार्यालय की एक टीम ने यहां लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात की और निर्वाचित विधायकों की सूची सौंपी. इस दौरान राज्यपाल ने सभी 126 विधानसभा क्षेत्रों के लिए शांतिपूर्ण, कुशल और सुव्यवस्थित तरीके से चुनाव कराने के लिए निर्वाचन आयोग की पूरी टीम को बधाई दी. इस चुनाव में बीजेपी ने 82 सीट जीतीं जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 10-10 सीट हासिल कीं.
विपक्षी दलों को कितनी सीट मिली
असम विधानसभा में कांग्रेस 19 सीट जीतने में कामयाब रही. उसकी सहयोगी रायजोर दल ने दो सीट जीतीं. वहीं अन्य विपक्षी दलों में ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) ने दो सीट और तृणमूल कांग्रेस ने एक सीट जीती.
