Heavy Rain And Flood: अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में बाढ़ आ गई है. भारी बारिश के बाद कई स्थानों पर भूस्खलन भी हुआ है. ईटानगर को याचुली से जोड़ने वाला नेशनल हाईवे-13 पानी में बह गया है. सड़क का एक हिस्सा बह जाने से यातायात बाधित हो गया है. जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल सड़क से मलबा हटाने और फिर से संपर्क बहाल करने के लिए लगातार राहत एवं बचाव कार्य चला रहा है.
पूसा गांव में बाढ़ का कहर, कई घर बह गए
राज्य के केयी पन्योर जिले के याचुली क्षेत्र स्थित पूसा गांव में भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई. बाढ़ के कारण गांव को भारी नुकसान उठाना पड़ा. तेज धार में कई मकान बह गए और कई परिवार प्रभावित हुए हैं. घटना के बाद पांच लोगों के लापता होने की सूचना मिली, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया.
एक महिला की मौत, चार लोग अब भी लापता
केयी पन्योर जिले में आई इस आपदा में अब तक एक शख्स की मौत हो गई है. पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंगद मेहता के अनुसार तलाश अभियान के दौरान याजाली स्थित नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड परिसर के विवेकानंद केंद्र विद्यालय में काम करने वाली एक शिक्षिका निर्मला गुप्ता का शव बरामद किया गया. राज्य आपदा प्रबंधन सचिव दानी सुलू ने बताया कि निर्मला गुप्ता उन पांच लोगों में शामिल थीं, जो बीते दिन नीपको परियोजना कॉलोनी से लापता हुए थे.
यहां पढ़ें मौसम की खबर
- यूपी के 26 जिलों में अलर्ट: प्रयागराज में तेज बारिश, इन जगहों पर पारा 44℃ के पार, जानिए कब तक आएगा मानसून
- झारखंड मौसम: रांची में आज से 30 जून तक बारिश के आसार, इन जिलों में लू की संभावना
सुरक्षा दीवार ढहने से बढ़ी तबाही
राज्य आपदा प्रबंधन सचिव दानी सुलू ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार ढह गई. इसके बाद बड़ी मात्रा में पानी नीपको परियोजना कॉलोनी और आसपास के निचले आवासीय क्षेत्रों में घुस गया, जिससे अचानक बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. इस घटना में कम से कम 18 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
मौसम की अन्य खबरें यहां पढ़ें
- Patna Weather: बारिश के बाद भी पटना में उमस और गर्मी से राहत नहीं, जानें मौसम का लेटेस्ट अपडेट
- बिहार से बंगाल तक होगी झमाझम बारिश, उत्तर बंगाल में मौसम विभाग का रेड अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों के लिए अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. आईएमडी के अनुसार 25 से 29 जून के दौरान अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. 27, 28 और 29 जून के दौरान कई इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा असम और मेघालय में 25,26 और 28 जून को भारी बारिश की संभावना है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी इस सप्ताह भारी बारिश का मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.
Also Read: गुजरात पहुंचा मानसून, भारी बारिश की चेतावनी, 40 डिग्री सेल्सियस की गर्मी से मिलेगी राहत
