Heavy Rain Alert: देश के कई हिस्सों में इस आगामी दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग के अपडेट के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. इसके अलावा 11 सितंबर के आसपास पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी क् साथ-साथ उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इन मौसमी प्रणालियों के असर से कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक का नया दौर शुरू हो सकता है.
उत्तराखंड में 10 से 14 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक उत्तराखंड में 10 से 14 सितंबर तक कई जगह बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना है. इस दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. वहीं हिमाचल प्रदेश में 13 और 14 सितंबर को कई जगह बारिश, गरज और बिजली गिरने की संभावना है. उत्तर-पश्चिम भारत के बाकी हिस्सों में भी अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 14 सितंबर तक बारिश का दौरा
मध्य भारत के मौसम की बात करें तो पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 10 से 14 सितंबर के दौरान कई स्थानों पर बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 12 से 14 सितंबर तक बारिश का दायरा बढ़ सकता है. विदर्भ में 12 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है.
ओडिशा में 10 सितंबर को बहुत भारी बारिश
पूर्वी भारत में ओडिशा में 9, 10, 11 और 12 सितंबर को अलग-अलग स्थानों परभारी बारिश हो सकती है. सबसे ज्यादा बारिश का खतरा 10 सितंबर को हैं. मौसम विभाग के अनुमान है के मुताबिक इस दिन कई इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है.
Also Read: Haryana Weather Today: हरियाणा में फिर चढ़ेगा पारा, 8 सितंबर की भीषण धूप करेगी परेशान
कैसा रहेगा बिहार-झारखंड और बंगाल का मौसम?
- झारखंड में 9 से 11 सितंबर तक भारी बारिश के आसार हैं.
- बिहार में 8 से 10 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
- गंगीय पश्चिम बंगाल में 8 और 9 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है.
- उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 सितंबर और फिर 11 से 13 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है.
बंगाल और ओडिशा में बिजली गिरने का खतरा
8 सितंबर को ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में मध्यम से गंभीर स्तर की बिजली गिरने की गतिविधि की संभावना भी जताई गई है. इन क्षेत्रों में बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है.
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 8 सितंबर और फिर 12 से 14 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में 14 सितंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग का अनुमान है कि पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में 14 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. आईएमडी के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश में 8 और 9 सितंबर, 11,12,13 और 14 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. 12 सितंबर को अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. असम और मेघालय के साथ नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 8 से 12 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. कई इलाकों में गरज और बिजली गिरने की भी संभावना है.
दक्षिण भारत में 10 से 14 सितंबर तक बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 11 और 12 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है. केरल और माहे में 10 से 12 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 11 से 14 सितंबर तक भारी बारिश होने के आसार हैं, जबकि तेलंगाना में 11 से 13 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
मौसम विभाग का अनुमान है कि तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 से 12 सितंबर के दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. हवा के झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
Also Read: मौसम अलर्ट : बंगाल की खाड़ी में बन रहा लो प्रेशर, भारी बारिश का खतरा
