Heat Wave Alert : राजस्थान के लोगों को अब जोरदार गर्मी सताएगी. मौसम विभाग की ओर से इसको लेकर अलर्ट जारी किया गया है. मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य में अगले एक हफ्ते तक मौसम ज्यादातर शुष्क रह सकता है. आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है. वहीं राज्य के कुछ इलाकों में अगले 3 से 4 दिनों में तापमान 38 से 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है. खासकर 10 और 11 मार्च को दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में हीटवेव (लू) चलने की भी संभावना है.
राजस्थान के दक्षिणी भागों में अगले तीन से चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री तक दर्ज हो सकता है. राज्य के बाकी अधिकांश हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री अधिक रहने की संभावना है. इसके अलावा 11 और 12 मार्च को उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है.
यह भी पढ़ें : 8, 9, 10, 11, 12 और मार्च को बारिश, 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
इन राज्यों के तापमान में भी होगी बढ़ोतरी
1. अगले 24 घंटों में मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है. इसके बाद अगले 6 दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा.
2. अगले 5 दिनों के दौरान विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. इसके बाद अगले 2 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है.
3. पूर्वी भारत में अगले 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है. इसके बाद अगले 4 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है.
4. महाराष्ट्र और गुजरात में अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 2–3°C की वृद्धि होने की संभावना है. इसके बाद के 3 दिनों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा.
