G20 Summit Delhi: चारों ओर होंगे भारत की मेहमाननवाजी के चर्चे, बाइडेन और सुनक खायेंगे ज्वार-बाजरे की डिश

G20 Summit Delhi: नौ और दस सितंबर को होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सज संवरकर तैयार है. इसके साथ ही विदेशी मेहमानों के दिल्ली आने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है. जानें जी20 से जुड़ी खास बातें

जी-20 शिखर सम्मेलन को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सज संवरकर तैयार है. मेहमानों के स्वागत से लेकर होटल में खाने-पीने तक हर जगह देसी टच दिया गया है. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक समेत सभी बड़े वैश्विक नेताओं को सोने-चांदी के चमचमाते बरतन में मोटे अनाज जैसे- ज्वार, बाजरा, रागी से बनी डिश परोसी जायेंगी. इतना ही नहीं, विदेशी मेहमान मोटे अनाज से बने स्नैक्स का मजा देसी चाय के साथ उठायेंगे. 150 शेफ की टीम ने हिंदुस्तान के अलग-अलग हिस्सों के जायके इकट्ठा कर डिश तैयार की हैं.

हालांकि, इसमें मेहमानों की पसंद का भी ध्यान रखा गया है. जी-20 की प्रथम महिलाओं और नेताओं के जीवनसाथियों को यहां आइएआरआइ के विशाल पूसा परिसर के दौरे के समय मोटे अनाज से जुड़े स्टार्टअप और सेलिब्रिटी शेफ के बने खाने के व्यंजनों का लुत्फ लेने का मौका मिलेगा. उनके पास कुणाल कपूर, अजय चोपड़ा और अनाहिता धोंडी सहित प्रसिद्ध सेलिब्रिटी शेफ द्वारा तैयार मोटे अनाज-आधारित दावत का जीवंत स्वाद लेने का एक अवसर होगा.

चांदनी चौक होगा आकर्षण का केंद्र: स्ट्रीट फूड के साथ ऐतिहासिक स्मारकों के लिए प्रसिद्ध चांदनी चौक मेहमानों के लिए एक बड़ा आकर्षण का केंद्र होगा. यहां आनेवाले मेहमानों से संवाद में भाषा बाधा नहीं बने, इसके लिए 100 महिला अनुवादक की सेवा ली गयी है.

जी-20 शिखर सम्मेलन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद हो गयी है. दिल्ली पुलिस के साथ-साथ पैरामिलिट्री जवान और एनएसजी कमांडो की भी तैनाती हो गयी है. इसके अलावा बुलेट प्रूफ गाड़ियां, एंटी ड्रोन सिस्टम, एयर डिफेंस सिस्टम, फाइटर जेट राफेल, एयरफोर्स और सेना के हेलीकॉप्टर, हवा में 80 किमी तक मार करने वाली मिसाइल की भी तैनाती की गयी है. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन शुक्रवार को आने वाले हैं. वहीं, कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष दिल्ली आ चुके हैं. इन वीवीआइपी मेहमानों के आगमन को लेकर सुरक्षा का पहरा और सख्त कर दिया गया है.

सुरक्षा में किसी तरह की कोई चूक ना हो, इसके लिए दिल्ली पुलिस ने एंटी रॉयट इक्यूपमेंट और एंटी प्रोटेस्ट इक्यूपमेंट से लैस ‘विक्रांत’ गाड़ियों को तैनात किया है. साथ ही जिन होटलों में मेहमान ठहरेंगे, वहां बिना पास के किसी को भी आवाजाही की इजाजत नहीं है. इसके अलावा, दिल्ली-एनसीआर के एयरपोर्ट पर सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है. गाजियाबाद जिले के हिंडन सिविल एयरपोर्ट पर एक हजार पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >