असम में बाढ़ से हालात अब भी गंभीर: 61 लोगों की मौत; 7 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

असम में बाढ़ का संकट अभी टला नहीं है. राज्य के 9 जिले अब भी बाढ़ की चपेट में हैं और 7 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं. प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है, लेकिन कई इलाकों तक अब भी मदद नहीं पहुंच सकी है.

Assam flood latest news : असम में शनिवार को भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. हालांकि कुछ इलाकों में पानी का स्तर कम होने लगा है, लेकिन कई जिले अब भी बाढ़ की चपेट में हैं. असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के मुताबिक, इस साल बाढ़ से अब तक 61 लोगों की मौत हो चुकी है. पिछले 24 घंटों में 14 लोगों की जान गई. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार राज्य के 9 जिलों में 7.05 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं.

शिवसागर सबसे ज्यादा प्रभावित

ASDMA के अनुसार, शिवसागर सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है, जहां करीब 3.5 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. इसके बाद चराइदेव में करीब 1.9 लाख और जोरहाट में 1.3 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं. चराइदेव, धेमाजी, डिब्रूगढ़, गोलाघाट, होजाई, जोरहाट, कार्बी आंगलोंग, नागांव और शिवसागर जिले बाढ़ से प्रभावित हैं. पिछले 24 घंटों में चराइदेव में सात, शिवसागर में 6 और जोरहाट में एक व्यक्ति की मौत हुई है.

80 हजार लोगों तक अब भी नहीं पहुंची राहत

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि लगातार बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने की वजह से हालात अभी भी चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं.

उन्होंने बताया कि सरकार को अब भी करीब 80 हजार बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचानी है. उनके मुताबिक, नजीरा विधानसभा क्षेत्र के करीब 50 हजार और शिवसागर के करीब 30 हजार लोग ऐसे इलाकों में फंसे हैं, जहां तक राहत टीम अभी नहीं पहुंच सकी है. भाजपा विधायक मयूर बोरगोहेन ने भी कहा कि नजीरा के करीब 30 प्रतिशत प्रभावित इलाकों तक अभी राहत नहीं पहुंची है.

राहत शिविरों में 1.15 लाख लोग, बचाव अभियान जारी

प्रशासन ने सात जिलों में 363 राहत शिविर और राहत वितरण केंद्र बनाए हैं. इनमें 1.15 लाख से ज्यादा विस्थापित लोगों को ठहराया गया है. सेना, NDRF, SDRF, पुलिस, अग्निशमन विभाग और अन्य एजेंसियां लगातार बचाव अभियान चला रही हैं. अधिकारियों के मुताबिक, शिवसागर और जोरहाट के अलग-अलग इलाकों से अब तक करीब 1,000 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है.

ये भी पढ़ें : संसद चलो प्रदर्शन के 5 दिन बाद दिल्ली पुलिस ने जारी किए आंकड़े: बताया- 130 पुलिसकर्मी और 65 छात्र हुए घायल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आलोक पाठक

आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >