प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन करेंगे. कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया. दोनों को बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर के पास से पकड़ा गया. इनमें से एक व्यक्ति पर खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय यानी PMO का अधिकारी बताने का आरोप है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है.
कैसे पकड़ा गया फर्जी PMO अधिकारी ?
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी की पहचान रोहन पारेख के रूप में हुई है. उस पर फर्जी PMO पहचान पत्र रखने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, उसके साथ मौजूद बॉडीगार्ड के पास से एक बंदूक भी बरामद हुई है. सुरक्षा कर्मियों ने पहचान पत्र की जांच की. जांच में कार्ड फर्जी पाया गया. इसके बाद पुलिस ने दोनों लोगों को हिरासत में ले लिया.
ये भी पढ़ें: Video : वडोदरा से विपक्ष पर पीएम मोदी का तंज- "अब तो नाराज फूफा को भी काम मिल गया"
हाई-सिक्योरिटी इलाके तक कैसे पहुंचे आरोपी?
मुंबई क्राइम ब्रांच पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों आरोपी हाई-सिक्योरिटी इलाके तक कैसे पहुंचे. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फर्जी पहचान पत्र और हथियार के साथ कार्यक्रम में प्रवेश करने की उनकी कोशिश का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से कोई संबंध था या नहीं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुंबई के बीकेसी स्थित जियो वर्ल्ड सेंटर में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 का उद्घाटन करेंगे. इस दौरान वह कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे.
ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में बैंकिंग, टेक्नोलॉजी और निवेश से जुड़े बड़े लोग शामिल होंगे. यहां आने वाले समय में पैसों और बैंकिंग की दुनिया कैसी होगी, इस पर चर्चा होगी. इस बार एजेंटिक AI, टोकनाइजेशन और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसे नए तकनीकी बदलावों पर खास ध्यान रहेगा.
