DU: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से करवाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी तैयारी कर चुका है. चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए डीयू के उत्तरी और दक्षिणी परिसरों में 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे के जरिये मुख्य मार्गों की निगरानी की जा रही है. डूसू चुनाव के दौरान लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों का पूरी सख्ती से पालन किया जाएगा. पुलिस के सहयोग से विश्वविद्यालय के सभी मार्गों पर गाड़ियों पर सख्त नजर रखी जा रही है.
डूसू चुनाव की जानकारी देते हुए डीयू के प्रॉक्टर प्रोफेसर मनोज कुमार सिंह ने कहा कि निगरानी का असर है कि गाड़ियों के जमावड़े पर लगाम लगाने में मदद मिली है. डिफेसमेंट (विरूपण) की कोई सूचना अभी तक नहीं मिली है. डीयू की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर सामूहिक मुहिम चलायी है और इसके सकारात्मक परिणाम दिख रहे हैं. छात्रों को समझाया है कि नियमों का पालन नहीं करने पर नामांकन रद्द किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के लिए छपे हुए (प्रिंटेड) पर्चे या पोस्टरों पर पूरी तरह रोक है. हाथ से लिखे पोस्टर विश्वविद्यालय परिसर में केवल ‘वाल ऑफ डेमोक्रेसी’ पर ही लगाए जा सकते हैं. डीयू के सभी 54 कॉलेजों के प्रिंसिपलों से भी आग्रह किया है कि वे अपने-अपने कॉलेजों में 10 X10 फुट की 2-2 ‘वाल ऑफ डेमोक्रेसी’ बनाएं जिनमें से एक डूसू के लिए और एक कॉलेज कमेटी के लिए हो. इस दौरान दिल्ली पुलिस के एसीपी राजेंद्र प्रसाद और दिल्ली विश्वविद्यालय प्रॉक्टर ऑफिस के अधिकारी भी मौजूद रहे.
सिर्फ पांच छात्र ही कर सकते हैं चुनाव प्रचार
प्रोफेसर मनोज कुमार ने कहा कि चुनाव प्रचार के लिए 5 से अधिक छात्र नहीं जा सकते हैं. लड़कियों के कॉलेज में केवल लड़कियां ही जा सकेंगी. उम्मीदवारों की गाड़ियों में शराब एवं मादक पदार्थ पाए जाने पर नामांकन तुरंत खारिज कर दिया जायेगा. चुनाव के दौरान और चुनाव के बाद भी डीयू प्रशासन लड़कियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह से गंभीर है. डीयू के उत्तरी और दक्षिणी परिसरों निकट के पीजी क्षेत्र में अराजक तत्वों पर नजर रखी जाएगी और इसके लिए एनसीसी और एनएसएस के कैडेटों को भी मुहिम में शामिल किया जाएगा.
दिल्ली पुलिस के एसीपी राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि सभी संभावित उम्मीदवार कम से कम वाहन का इस्तेमाल करें. पुलिस हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है और कानून का उल्लंघन करने वाले के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा. काले शीशों से लेकर वाहनों की गलत पार्किंग तक पर पुलिस की नजर है. साथ ही सोशल मीडिया पर भी पुलिस पूरी नजर रखे हुए है. दिल्ली पुलिस का साइबर क्राइम सेल पूरी निगरानी कर रहा है. पुलिस वर्दी में भी और बिना वर्दी के हर गतिविधि की निगरानी कर रही है.
