President Election: आज नामांकन दाखिल करेंगी द्रौपदी मुर्मू, अर्जुन मुंडा ने आदिवासी नेताओं से की ये अपील

President Election: एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत बड़े नेताओं से मुलाकात की. 24 जून को वह नामांकन दाखिल करेंगी. अर्जुन मुंडा ने आदिवासी नेताओं से उन्हें समर्थन देने की अपील की है.

By Prabhat Khabar Digital Desk | June 24, 2022 6:42 AM

President Election: राष्ट्रपति पद की दौड़ में द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) की उम्मीदवारी को केवल ‘राजनीतिक चश्मे’ से नहीं देखें. राजनीति से ऊपर उठकर उनका समर्थन करें. केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा (Arjun Munda) ने बृहस्पतिवार को सभी आदिवासी विधायकों, सांसदों और दलों से यह अपील की. उन्होंने आग्रह किया कि सभी द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करें.

द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने की प्रबल संभावना

इस सप्ताह की शुरुआत में, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने देश के शीर्ष संवैधानिक पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार के रूप में 64 वर्षीय मुर्मू के नाम की घोषणा की थी. झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू अगर निर्वाचित हो जाती हैं, तो भारत की राष्ट्रपति बनने वाली पहली आदिवासी नेता होंगी. उनके चुने जाने की प्रबल संभावना है, क्योंकि आंकड़े एनडीए के पक्ष में हैं.

Also Read: BJD के समर्थन के बाद राष्ट्रपति पद की NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत की राह हुई आसान
आदिवासी समुदाय के लिए खुशी और गर्व की बात

खुद एक आदिवासी नेता अर्जुन मुंडा ने द्रौपदी मुर्मू के नामांकन को ‘आदिवासी समुदाय के लिए बेहद खुशी और गर्व की बात’ करार दिया. मुंडा ने कहा, ‘…मुझे लगता है कि यह हमारी आजादी के 75वें वर्ष में देश के पूरे आदिवासी समुदाय के लिए सबसे बड़ा सम्मान है. मैं सभी आदिवासी विधायकों, सांसदों और आदिवासियों की राजनीति करने वाले झारखंड मुक्ति मोर्चा जैसी पार्टियों से अपील करता हूं कि उनका समर्थन करें. मैं यह नहीं समझ पा रहा हूं कि उनके समर्थन की घोषणा करने में देरी क्यों हो रही है.’

उन्हें पहले आदिवासी के रूप में देखा जाना चाहिए. और इसलिए, सभी को आगे आना चाहिए और अपना सम्मान व्यक्त करना चाहिए….

अर्जुन मुंडा

अर्जुन मुंडा ने पीएम मोदी को दिया धन्यवाद

शीर्ष संवैधानिक पद के लिए एक आदिवासी महिला को नामित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नड्डा को धन्यवाद देते हुए, अर्जुन मुंडा ने कहा, ‘यह निर्णय उन राजनीतिक दलों को बेनकाब करता है, जिन्होंने आदिवासियों के बारे में बहुत सारी बातें कीं. खुद के आदिवासी कल्याण के ध्वजवाहक होने का दावा किया, लेकिन उनके लिए किया कुछ नहीं. हमारे प्रधानमंत्री उनके बारे में बेहद संवेदनशील हैं.’

Also Read: Who Is Draupadi Murmu: कौन हैं द्रौपदी मुर्मू? भाजपा ने बनाया है राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार
द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी को राजनीतिक चश्मे से न देखें

द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी को ‘राजनीति के चश्मे’ से नहीं देखने की नेताओं से अपील करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा, ‘उन्हें पहले आदिवासी के रूप में देखा जाना चाहिए. और इसलिए, सभी को आगे आना चाहिए और अपना सम्मान व्यक्त करना चाहिए….’ ओड़िशा के पिछड़े क्षेत्र मयूरभंज से आने वाली मुर्मू को मृदुभाषी और मिलनसार नेता माना जाता है.

2017 में भी द्रौपदी के नाम पर हुई थी चर्चा

द्रौपदी मुर्मू ने पार्टी में विभिन्न पदों पर कार्य किया है और राज्य में बीजू जनता दल के साथ पार्टी के गठबंधन के दौरान वह मंत्री भी रहीं. संयोग से, उनके नाम पर वर्ष 2017 में भी शीर्ष संवैधानिक पद के लिए भाजपा की संभावित पसंद के रूप में चर्चा हुई थी, लेकिन तब पार्टी ने राम नाथ कोविंद को इस पद के दावेदार के तौर पर चुना था.

Next Article

Exit mobile version