हत्या के 11 दिन बाद पुलिस को मिली कामयाबी, टोहाना में एक नहर से मिली पूर्व मॉडल दिव्या पाहुजा की लाश

पूर्व मॉडल दिव्या मुंबई में एक कथित फर्जी पुलिस मुठभेड़ में एक गैंगस्टर की मौत के मामले में आरोपी थी जिसकी हत्या कर दी गई थी. पुलिस उसकी लाश को तलाशने में जुटी हुई थी. शनिवार को पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली.

पूर्व मॉडल दिव्या पाहुजा की हत्या के मामले की गुत्थी सुलझा रही पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. सुभाष बोकेन, पीआरओ गुरुग्राम पुलिस ने शनिवार को बताया कि दिव्या पाहुजा का शव हरियाणा के टोहाना में एक नहर में मिला है. शव की तलाश करने के लिए NDRF को लगाया गया था. एनडीआरएफ की टीम गुरुग्राम और पंजाब पुलिस के साथ मिलकर पटियाला से खनौरी बॉर्डर तक नहर में शव की तलाश में लगी हुई थी. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नहर से शव निकालने के बाद उसकी एक तस्वीर पुलिस ने दिव्या के घर वालों को भेजने का काम किया, जिसे देखकर उन्होंने ने लाश की शिनाख्त कर ली.

मेघा की हुई थी गिरफ्तारी

इससे पहले आठ जनवरी को खबर आई थी कि पूर्व मॉडल दिव्या पाहुजा की हत्या के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने मुख्य आरोपी और होटल मालिक अभिजीत सिंह की दूसरी साथी को गिरफ्तार किया है जो 20 साल की है. गिरफ्तार महिला की पहचान दिल्ली के नजफगढ़ में मित्राऊं एक्सटेंशन की मेघा के रूप में की गई. आरोप है कि मेघा ने कथित तौर पर हत्या के बाद अपराध में इस्तेमाल हथियार, दस्तावेजों और दिव्या के निजी सामान को छिपाने में अभिजीत की मदद की थी.

रूम नंबर 111 में गोली मारकर हत्या

पुलिस की ओर से जो जानकारी दी गई है उसके अनुसार, दो जनवरी को दिव्या को पांच लोग होटल सिटी प्वाइंट लेकर पहुंचे थे. रूम नंबर 111 में कथित तौर पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद भी पूर्व मॉडल का शव नहीं मिला था जिसके बाद से पुलिस शव की तलाश में जुटी हुई थी. जांच में जुटी टीम ने कहा था कि पुलिस को संदेह है कि आरोपी बीएमडब्ल्यू कार में शव ले गए और उसे घग्गर नदी में फेंक दिया होगा.

Also Read: मॉडल दिव्या पाहुजा हत्याकांड: होटल मालिक सहित तीन गिरफ्तार, BMW कार भी बरामद

क्या है मामला

पुलिस ने बताया था कि पांच लोग पूर्व मॉडल दिव्या पाहुजा को कथित रूप से होटल में ले गये और वहां उन्होंने पाहुजा के सिर में गोली मार दी. पूर्व मॉडल दिव्या मुंबई में एक कथित फर्जी पुलिस मुठभेड़ में एक गैंगस्टर की मौत के मामले में आरोपी थी. उसे कुछ महीने पहले ही जमानत मिली थी. सात फरवरी, 2016 को मुंबई के एक होटल में गैंगस्टर संदीप गडोली की हुई हत्या के सिलसिले में पाहुजा को करीब सात साल पहले गिरफ्तार किया गया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >