Delhi Weather : दिल्ली में रविवार (3 मई) को न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं दिन में आंधी, बारिश की संभावना है. मौसम विभाग (आईएमडी) ने 2 मई को दिल्ली में अगले दो दिनों के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया था जिसमें बारिश होने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई थी. बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना छह मई तक बनी रहेगी.
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. साथ ही बादलों के छाए रहने से दिन के समय गर्मी कम रहने की उम्मीद है.
कहां कितना न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया
सफदरजंग वेधशाला ने 3 मई को न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से थोड़ा कम है. पालम में न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री कम है, लोधी रोड में 23.4 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है. वहीं रिज में तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से थोड़ा कम है और आयानगर में तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा.
यह भी पढ़ें : मौसम: यूपी और दिल्ली के अलावा इन राज्यों में होगी बारिश, आया IMD का अलर्ट
दिल्ली में एक्यूआई कितना किया गया रिकॉर्ड
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 176 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है. सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है.
