Delhi Weather: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है.
अगले कुछ घंटों के दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों के दौरान शहर के कुछ हिस्सों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं, गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
9 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में नौ जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने कहा, आसमान में बादल छाए रहेंगे और इस दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ हल्की आंधी आ सकती है, जिसकी रफ्तार बढ़कर 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. कल से बारिश में और तेजी आने की उम्मीद है.
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को भी हुई बारिश
दिल्ली के कई हिस्सों में शनिवार को बारिश हुई, हालांकि लोग उमस भरे मौसम से परेशान रहे. सुबह सापेक्ष आर्द्रता 77 प्रतिशत दर्ज की गई और दिन में अधिकांश समय आसमान में बादल छाए रहे. सफदरजंग वेधशाला में शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक, 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: 4, 5, 6, 7, 8, 9 और 10 जुलाई को देशभर में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने राज्य का हाल
