Delhi Fire: दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके की झुग्गियों में लगी आग, 7 की जलकर मौत

Delhi Fire: गोकुलपुरी इलाके की झुग्गियों में देर रात आग लग गई जिससे 7 लोगों की जलकर मौत होने की खबर है. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हादसे को लेकर दुख जताया है. मौके पर 7 जले हुए शव बरामद किये गये.

Delhi Fire : दिल्ली से एक बड़ी खबर आ रही है. जानकारी के अनुसार राष्‍ट्रीय राजधानी के गोकुलपुरी इलाके की झुग्गियों में देर रात आग लग गई जिससे 7 लोगों की जलकर मौत होने की खबर है.


दमकल विभाग ने सात शव बरामद किए

दिल्ली फायर सर्विस की ओर से जानकारी दी गई है कि गोकुलपुरी इलाके में कल रात झुग्गियों में आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई. आग पर काबू पा लिया गया है, दमकल विभाग ने सात शव बरामद किए.

दमकर विभाग ने बुझाई आग

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आग लगने के तुरंत बाद घटना की सूचना दमकर विभाग को दी गई. आननफानन में फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्‍थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.


अरविंद केजरीवाल का ट्वीट

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हादसे को लेकर दुख जताया है. उन्होंने ट्वीट किया है कि सुबह सुबह ये दुखद समाचार सुनने को मिला है. मैं स्वयं वहां जाकर पीड़ित लोगों से मिलूंगा.

पुलिस ने बताया

पुलिस की ओर से जानकारी दी गई कि देर रात हमें गोकुलपुरी में झुग्गियों में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई. हमने तुरंत फायर ब्रिगेड की टीम के साथ कॉर्डिनेट करने का काम किया. पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों का रेस्क्यू करने में जुट गई. मौके पर 7 जले हुए शव बरामद किये गये.

आग से सात लोगों की मौत

उत्तर पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके की झुग्गियों में शुक्रवार देर रात लगी आग से सात लोगों की मौत हो गई. दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गोकुलपुरी गांव के पिलर संख्या 12 के पास आग लगने की सूचना देर रात एक बजकर तीन मिनट पर मिली. उन्होंने बताया कि इसके बाद आग बुझाने के लिए दमकल की 13 गाड़ियों को रवाना किया गया. अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से सात शव मिले हैं. करीब 60 झुग्गियां क्षतिग्रस्त हुई हैं और 30 झुग्गियां पूरी तरह से जल गई हैं.

आग लगने की सूचना देर रात करीब एक बजे मिली

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर पूर्व) देवेश कुमार महला ने बताया कि आग लगने की सूचना देर रात करीब एक बजे मिली जिसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि शनिवार तड़के करीब चार बजे आग पर काबू पाया जा सका.

Posted By : Amitabh Kumar

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >