Delhi Heavy Rain: मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 13 सितंबर के दिल्ली में भारी बारिश की संभावना है. शनिवार को भी दिल्ली में बारिश हुई और बादल छाए रहे. मौसम विज्ञानियों ने अनुमान लगाया है कि शहर में 16 सितंबर तक बारिश हो सकती है.
21 सितंबर के बाद मानसून की विदाई
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के 21 सितंबर के बाद दिल्ली से विदा होने का अनुमान है. इस साल इसकी वापसी में थोड़ी देरी हो सकती है.
सफदरजंग में 3.4 मिमी बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शनिवार को सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक सफदरजंग में 3.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. वहीं, लोधी रोड और आयानगर में 0.5-0.5 मिलीमीटर बारिश हुई. इस दौरान पालम में बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि रिज में बारिश नहीं हुई. सुबह 8.30 बजे तक बीते 24 घंटे में सफदरजंग में 1.8 मिलीमीटर, पालम में 4.7 मिलीमीटर, लोधी रोड में 2.4 मिलीमीटर, रिज में 10.6 मिलीमीटर और आयानगर में 10.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
दिल्ली में तापमान सामान्य से अधिक
शनिवार को दिल्ली के ज्यादातर मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा. सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, पालम में तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा. लोधी रोड में अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रिज में यह इस मौसम के सामान्य तापमान के बराबर 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आयानगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री कम 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
एक्यूआई रहा संतोषजनक
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 62 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) पैमाने के तहत शून्य से 50 के बीच के एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच को 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच को 'मध्यम', 201 से 300 के बीच को 'खराब', 301 से 400 के बीच को 'बेहद खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है.
ये भी पढ़ें: IMD Weather Alert: 13 से 18 सितंबर तक देश के इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, जानें अपने इलाके का हाल
