Weather Forecast: कब मिलेगी भीषण ठंड से राहत? जानें गणतंत्र दिवस के दिन कैसा रहेगा आपके इलाके का मौसम

Weather Forecast Today/ Republic day 2024 : दो-दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव के कारण 25 से 28 जनवरी तक हिमालय से सटे इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है. जानें अपने इलाके के मौसम का हाल

दिल्ली में कड़ाके की ठंड की स्थिति बरकरार है. बुधवार को यहां अधिकतम तापमान मौसम के औसत से दो डिग्री नीचे 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दिल्ली में गुरुवार सुबह अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. दिल्ली में जनवरी में अब तक पांच कोल्ड डे और पांच शीत लहर वाले दिन अनुभव किए गए हैं जो पिछले 13 वर्षों में सबसे अधिक है.

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों के दौरान विदर्भ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है.

आईएमडी के झारखंड की राजधानी रांची स्थित मौसम केंद्र ने बताया कि अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जाएगी. खासकर दक्षिणी और उससे सटे मध्य झारखंड में यह देखने को मिलेगा. इसके बाद तीन दिन तक तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं. यानी अगले तीन दिनों तक झारखंड में लोगों को शीतलहर से राहत नहीं मिलने वाली.

सूर्य के उत्तरायण होने का असर बिहार में नजर नहीं आ रहा है. 26 जनवरी तक बिहार में भीषण ठंड रहने के आसार हैं. मौसम में बड़ा बदलाव 26-27 जनवरी से देखने को मिल सकता है. इसकी वजह पर्वतीय क्षेत्रों में जबरदस्त बर्फबारी की संभावना है.

Also Read: Bihar Weather: बिहार में ठंड का कहर, 6 जिलों में 5 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा, इस दिन होगा मौसम में बड़ा बदलाव

स्काइमेट वेदर के अनुसार, 25 से 28 जनवरी के बीच पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार है. वहीं गंगीय पश्चिम बंगाल, दक्षिणी झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों और विदर्भ, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के उत्तरी तट पर एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.

अगले 24 घंटों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 26 जनवरी से बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है और 26 से 28 जनवरी के बीच मध्यम से भारी बारिश के आसार हैं.

स्काइमेट वेदर के अनुसार, 25 जनवरी को पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में कोल्ड डे से लेकर सीवियर कोल्ड डे की स्थिति नजर आ सकती है. 26 से 28 जनवरी के बीच इन राज्यों में ठंड कुछ कम हो सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >