मणिपुर में अब CoBRA कमांडो का एक्शन, हथियारबंद उग्रवादियों पर शिकंजा कसने उतरी केंद्र की सबसे घातक फोर्स

Cobra deployed in Manipur : मणिपुर में शांति स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार ने CRPF की विशेष CoBRA बटालियनों को तैनात किया है. ये कमांडो हथियारबंद उग्रवादियों और हिंसा फैलाने वाले समूहों के खिलाफ कड़े अभियान चलाएंगे, जिसमें हथियार जब्त करने से लेकर बंकर तोड़ने तक की कार्रवाई शामिल है.

Cobra deployed in Manipur : मणिपुर में शांति बहाल करने के लिए केंद्र सरकार ने सख्त कदम उठाया है. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की विशेष CoBRA (Commando Battalion for Resolute Action) की दो बटालियनों को राज्य में तैनात किया गया है. एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ये कमांडो अब हथियारबंद उग्रवादियों और हिंसा फैलाने वाले समूहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाएंगे. गृह मंत्रालय ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सफलता के बाद इन कमांडो को मणिपुर भेजने का फैसला किया है.

हथियार जब्त करने से लेकर बंकर तोड़ने तक होगी कार्रवाई

करीब 2,000 प्रशिक्षित CoBRA कमांडो अवैध हथियार और गोला-बारूद की बरामदगी, उग्रवादियों के बंकर ध्वस्त करने, घात लगाने वाले स्थानों की पहचान और संवेदनशील इलाकों में दबदबा कायम करने का काम करेंगे. ये सभी अभियान मणिपुर पुलिस की मांग और समन्वय के आधार पर चलाए जाएंगे.

विशेष प्रशिक्षण के बाद संभाली जिम्मेदारी

यह अभियान शुरू करने से पहले कमांडो को तीन सप्ताह का विशेष ऑपरेशनल प्रशिक्षण और एक सप्ताह का स्थानीय परिस्थितियों से परिचित कराने वाला कार्यक्रम कराया गया. सभी जवान बुलेटप्रूफ वाहनों में ऑपरेशन करेंगे और नए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पालन करेंगे, ताकि जोखिम कम किया जा सके.

हालिया हमलों के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा

सेनापति में 14 जुलाई को असम राइफल्स के कैंप पर भीड़ के हमले और 6 जुलाई को उखरुल में असम राइफल्स के गश्ती दल पर हुए घातक हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. इन घटनाओं ने राज्य में उग्रवादियों की चुनौती को फिर से उजागर किया है.

शांति बहाली की बड़ी रणनीति

मणिपुर में मई 2023 से जारी मैतेई और कुकी-जो समुदायों के बीच जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग विस्थापित हो चुके हैं. हाल के दिनों में कुकी और नागा समुदायों के बीच तनाव भी बढ़ा है. फिलहाल मणिपुर में लगभग 200 CRPF, 100 BSF, 5 ITBP और 6 SSB कंपनियां पहले से तैनात हैं. CoBRA कमांडो की तैनाती को राज्य में स्थायी शांति स्थापित करने की दिशा में केंद्र सरकार का अहम कदम माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें- 17 महीने पुरानी कार नई बताकर बेची: डॉक्टर की शिकायत पर कंज्यूमर आयोग सख्त, नई E20 कार और एक लाख मुआवजे का आदेश


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Satyendra Giri

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >