Abhijeet Dipke health update : CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी तबीयत को लेकर जानकारी दी है.
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, जिसके बाद ब्लड टेस्ट कराया गया. अब रिपोर्ट में उन्हें टाइफॉयड होने की पुष्टि हुई है. उन्होंने कहा कि इलाज चल रहा है और वह जल्द ठीक होने की उम्मीद कर रहे हैं.
शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रखने की अपील
अभिजीत दीपके ने वीडियो में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे सभी लोगों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि आंदोलन अब तक शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने प्रदर्शनकारियों से इसी तरह अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि अगर आंदोलन शांतिपूर्ण रहा तो उनकी मांगों को जरूर सफलता मिलेगी. जंतर-मंतर पर 20 जून से प्रदर्शन जारी है और इसे 36 दिन पूरे हो चुके हैं. वहीं, सोनम वांगचुक की सेहत में भी लगातार सुधार हो रहा है.
बिहार में आंदोलन तेज, छात्र नेताओं की रिहाई की मांग
अभिजीत दीपके ने बिहार में चल रहे आंदोलन का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आज यानी 25 जुलाई को बिहार बंद बुलाया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र नेता दीपांकर मिश्रा और सबा आफरीन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, लेकिन अब तक उनकी गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. उन्होंने दोनों को तुरंत रिहा करने की मांग की. साथ ही चेतावनी दी कि अगर जल्द रिहा नहीं किया गया तो पूरे बिहार में बड़े प्रदर्शन का आह्वान किया जाएगा.
आज सरकार के साथ होगी तीसरे दौर की बैठक
CJP और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के बीच 25 जुलाई को तीसरे दौर की बैठक होनी है. यह बैठक शाम 4:30 बजे प्रस्तावित है. संगठन अब भी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही तय करने की अपनी मांग पर कायम है. CJP का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें : CJP Protest Live : सरकार से तीसरी बैठक आज, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर साफ जवाब चाहता है CJP
