उत्तराखंड के चमोली में 13 अगस्त की शाम हुए टनल हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है. पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, मंगलवार (18 अगस्त ) को सर्च ऑपरेशन के दौरान एक और लापता कर्मचारी का शव बरामद किया गया. इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है.
गोपेश्वर अस्पताल भेजा गया शव
चमोली जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके जोशी ने बताया कि मंगलवार को संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान एक शव बरामद हुआ. शव को गोपेश्वर जिला अस्पताल भेज दिया गया है. फिलहाल मृतक की पहचान की प्रक्रिया चल रही है और परिवार को इसकी जानकारी देने की तैयारी की जा रही है.
एक कर्मचारी अभी भी लापता
इस हादसे के बाद लापता हुए दो कर्मचारियों में से अब एक का शव मिल चुका है, जबकि एक कर्मचारी अभी भी लापता है. उसकी तलाश के लिए बचाव दल लगातार टनल और आसपास के इलाकों में अभियान चला रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि लापता कर्मचारी को खोजने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लैंडस्लाइड के कारण टनल के अंदर बड़ी मात्रा में मलबा और पानी भर गया था. इसी दौरान वहां काम कर रहे मजदूर हादसे की चपेट में आ गए. हादसे के बाद से ही कई कर्मचारी टनल के अंदर फंसे या लापता बताए गए थे.
SDRF-NDRF समेत कई एजेंसियां जुटीं
रेस्क्यू ऑपरेशन में SDRF, NDRF, ITBP, स्थानीय पुलिस और अन्य एजेंसियों की संयुक्त टीमें लगी हुई हैं. हादसे में 12 अन्य कर्मचारी घायल हुए थे, जिनका इलाज कराया गया. लगातार मलबा हटाने और संभावित स्थानों की जांच का काम जारी है.
ये भी पढ़ें: चमोली टनल हादसा: दो लापता मजदूरों की तलाश चौथे दिन भी जारी, हादसे की होगी मैजिस्टीरियल जांच
