केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार (24 फरवरी) को बुनियादी ढांचे से जुड़ी दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी है. पहली मंजूरी श्रीनगर हवाई अड्डा पर 1,677 करोड़ रुपये की लागत से ‘सिविल एन्क्लेव’ के निर्माण के लिए दी गई है. आधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना 73.18 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी और इसके तहत 71,500 वर्ग मीटर में नया अत्याधुनिक टर्मिनल भवन बनाया जाएगा.
परियोजना से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि नए टर्मिनल को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि यह व्यस्त समय में 2,900 यात्रियों को संभाल सके, जबकि इसकी वार्षिक क्षमता एक करोड़ यात्रियों की होगी. सरकार को उम्मीद है कि इस परियोजना से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, निवेश आकर्षित होगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
1000 लोगों को मिलेगी नौकरी
इसके अलावा मंत्रिमंडल ने गुजरात मेट्रो के मौजूदा उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर को गिफ्ट सिटी से शाहपुर तक 3.33 किलोमीटर बढ़ाने को भी मंजूरी दी है. 1,067.35 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और इसके तहत तीन एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे. इस विस्तार से अहमदाबाद और गिफ्ट सिटी के बीच संपर्क और मजबूत होगा, जिससे वहां स्थित बहुराष्ट्रीय कंपनियों, शैक्षणिक संस्थानों और व्यापारिक केंद्रों को लाभ मिलेगा. साथ ही, यह परियोजना दैनिक यात्रियों के लिए आवागमन को आसान बनाएगी और निर्माण कार्य के दौरान करीब 1,000 रोजगार के अवसर भी मिलेंगे.
1,067.35 करोड़ रुपये है परियोजना की लागत
सरकार ने बयान में कहा कि चार साल में पूरी होने वाली इस परियोजना में तीन एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाएंगे. यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में उनके नए कार्यालय सेवा तीर्थ में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की पहली बैठक में लिया गया. बयान में कहा गया कि परियोजना की अनुमानित लागत 1,067.35 करोड़ रुपये है. इस विस्तारित मार्ग से 2029 में लगभग 23,702 और 2041 में लगभग 58,059 यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है.
