मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा के बीच चार लेन के सड़क निर्माण की मंजूरी

यह सड़क बिहार में मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी होते हुए नेपाल सीमा तक पहुंच को आसान बनाने का काम करेगी और घनी आबादी वाले क्षेत्र मुजफ्फरपुर, मकसूदपुर, रून्नी सैदपुर, थुम्मा, डुमरा, भुतही और सोनबरसा में ट्रैफिक को कम करने में मदद करेगी. इसका निर्माण पीएम गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान के तहत किया जाएगा. ताकि राज्य के प्रमुख आर्थिक, सामाजिक और लॉजिस्टिक हब को एक साथ जोड़ा जा सके.

Cabinet : देश में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को लेकर केंद्र सरकार ने अहम फैसला लिया है. बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में पांच अहम इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गयी. इन प्रोजेक्ट पर 13041 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. पांच प्रोजेक्ट में चार प्रोजेक्ट रेलवे और एक सड़क प्रोजेक्ट है. केंद्र सरकार ने बिहार को बड़ी सौगात दी है. केंद्रीय कैबिनेट ने एनएच-22 खंड में मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा के बीच चार लेन की सड़क बनाने को मंजूरी दी है. यह सड़क हाइब्रिड एन्युटी मोड के तहत विकसित होगी और इसपर लगभग 3590.73 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इस प्रोजेक्ट की कुल लंबाई लगभग 62.57 किलोमीटर है. सरकार का मानना है कि इस सड़क प्रोजेक्ट का सामरिक और आर्थिक महत्व है. यह सड़क बिहार में मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी होते हुए नेपाल सीमा तक पहुंच को आसान बनाने का काम करेगी और घनी आबादी वाले क्षेत्र मुजफ्फरपुर, मकसूदपुर, रून्नी सैदपुर, थुम्मा, डुमरा, भुतही और सोनबरसा में ट्रैफिक को कम करने में मदद करेगी. खास बात है कि इस प्रोजेक्ट से यात्री और सामान की आवाजाही तेज गति से होगी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी. इस मार्ग पर 100 किलोमीटर प्रति घंटा से गाड़ियां चल सकेगी, जबकि औसत गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा होगी. 

बिहार में आएगा आर्थिक और सामाजिक बदलाव

मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा के बीच चार लेन सड़क का निर्माण पीएम गति शक्ति नेशनल मास्टर प्लान के तहत किया जाएगा. ताकि राज्य के प्रमुख आर्थिक, सामाजिक और लॉजिस्टिक हब को एक साथ जोड़ा जा सके. इस सड़क निर्माण से क्षेत्र के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र और रेलवे स्टेशन को जोड़ने में मदद मिलेगी. बेहतर कनेक्टिविटी से सामान और कृषि उत्पादों की आवाजाही आसान होगी और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को गति मिलेगी. साथ ही राज्य के प्रमुख सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों जैसे बौद्ध सर्किट, पुनौरा धाम मंदिर और सीतामढ़ी तक आवाजाही काफी आसान होगी. यह सड़क सामरिक तौर पर भी काफी महत्वपूर्ण है और राष्ट्रीय माल ढुलाई ग्रिड से जोड़ने में मददगार होगी. इससे एनएच-31 और एनएच-122 से जोड़ने में मदद मिलेगी और औद्योगिक क्षेत्र बरौनी और गंगा के किनारे अन्य लॉजिस्टिक हब तक जुड़ाव बेहतर होगा. नेपाल के साथ व्यापार के लिए भी यह सड़क काफी महत्वपूर्ण है. इस सड़क प्रोजेक्ट पर सात प्रमुख पुलों का निर्माण होगा. साथ ही तीन रेलवे ओवर ब्रिज और दो फ्लाईओवर का निर्माण होगा ताकि तेज गति से यात्री और माल ढुलाई हो सके. इसके अलावा केंद्रीय कैबिनेट ने प्रमुख रेल परियोजना जैसे हावड़ा-चेन्नई मुख्य मार्ग में चार लाइन के निर्माण, कटक से पारादीप रेल लाइन के लिए तीसरी और चौथी रेलवे लाइन बिछाने और अन्य दो रेलवे प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है. 


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anjani Kumar Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >