Bullet Train : मुंबई से अहमदाबाद केवल 2 घंटे 17 मिनट में, रेल मंत्री ने बुलेट ट्रेन के बारे में दी बड़ी जानकारी

Bullet Train : पालघर में बुलेट ट्रेन परियोजना की सुरंग की खुदाई का काम पूरा हो चुका है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुलेट ट्रेन परियोजना की 1.5 किलोमीटर लंबी सुरंग की खुदाई का कार्य पूरा होते देखा. जानें कितनी तेज पटरी पर दौड़ेगी बुलेट ट्रेन.

Bullet Train : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को नयी दिल्ली स्थित रेल भवन से ही ऑनलाइन माध्यम से महाराष्ट्र के पालघर जिले में बुलेट ट्रेन परियोजना की 1.5 किलोमीटर लंबी सुरंग की खुदाई का कार्य पूरा होते देखा. रेल मंत्रालय की ओर से इस संबंध में जानकारी दी गई.

यह दूसरी सुरंग है जिसकी खुदाई का काम हुआ पूरा

मंत्रालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि यह 1.5 किलोमीटर लंबी पहाड़ी सुरंग पालघर जिले की सबसे लंबी सुरंगों में शामिल है और यह विरार तथा बोइसर बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच स्थित है. महाराष्ट्र में यह दूसरी सुरंग है जिसकी खुदाई का कार्य पूरा हो चुका है. इससे पहले ठाणे और बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) के बीच पांच किलोमीटर लंबी भूमिगत सुरंग का कार्य सितंबर 2025 में पूरा किया गया था.

मुंबई से अहमदाबाद केवल दो घंटे 17 मिनट में

मुंबई-अहमदाबाद के बीच 508 किलोमीटर लंबी बुलेट ट्रेन परियोजना गुजरात, महाराष्ट्र और दादरा एवं नगर हवेली से होकर गुजरती है. बुलेट ट्रेनों के संचालन के लिए तैयार की जा रही यह भारत की एकमात्र रेल परियोजना है जहां ट्रेनें 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी और पूरी दूरी दो घंटे 17 मिनट में तय करेंगी. यह परियोजना जापान सरकार की तकनीकी और वित्तीय सहायता से क्रियान्वित की जा रही है.

यह भी पढ़ें : Bullet Train Opening Date: इस तारीख से पटरियों पर दौड़ेगी भारत की पहली बुलेट ट्रेन, सामने आई फाइनल डेट

बुलेट ट्रेन परियोजना में कुल सात पहाड़ी सुरंग

रेल मंत्रालय के अनुसार रेल मंत्री ने कहा कि आज बुलेट ट्रेन परियोजना में बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल हुई. ‘माउंटेन टनल-पांच’ की खदाई पूरी होना काफी बड़ी उपलब्धि है. बुलेट ट्रेन परियोजना में कुल सात पहाड़ी सुरंग हैं और एक सुरंग समुद्र के नीचे है. उन्होंने कहा कि इस परियोजना में कुल 12 स्टेशन हैं. महाराष्ट्र में मुंबई, ठाणे, विरार, बोईसर और गुजरात में वापी, बिलीमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आणंद, अहमदाबाद और साबरमती. साबरमती और मुंबई टर्मिनल स्टेशन हैं। मुंबई का स्टेशन बीकेसी है और तीन डिपो बने हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >