देश में कोरोना वायरस ने एक बार फिर आतंक मचा दिया है. आज आये एक लाख 30 तीस हजार से अधिक संक्रमण के नये मामलों के बाद दिल्ली सरकार ने सभी क्लास के लिए स्कूलों को बंद करने की घोषणा की है.
अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर दी जानकारी
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि यह आदेश सरकारी और निजी दोनों ही स्कूलों पर लागू होंगे. गौरतलब है कि कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमण बहुत तेजी से फैल रहा है और इस बार इसके प्रभाव में कम आयुवर्ग के लोग भी आ रहे हैं.
कोरोना के रिकाॅर्ड मामले हो रहे हैं दर्ज
दिल्ली में पिछले एक सप्ताह से रिकाॅर्ड मामले दर्ज हो रहे हैं. गुरुवार को सात हजार से अधिक मामले सामने आये थे, आज भी रिकाॅर्ड केस दर्ज हुए हैं. सर गंगाराम और एम्स में वैक्सीन लेने के बाद भी डाॅक्टर कोरोना पाॅजिटिव हो गये हैं.
हिमाचल प्रदेश में सभी शिक्षण संस्थान बंद
इधर हिमाचल प्रदेश की सरकार ने भी कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों को 21 अप्रैल तक के लिए बंद कर दिया है.
आईआईटी रुड़की में 90 कोरोना पाॅजिटिव
आज सुबह ही ये खबर आयी थी कि आईआईटी रुड़की में 90 लोग कोरोना पाॅजिटिव पाये गये हैं. इससे पहले आईआईटी जोधपुर में भी 70 स्टूडेंट्स और स्टाॅफ मेंबर पाॅजिटिव पाये गये थे.
Also Read: क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप का निधन, 1947 में हुई थी दोनों की शादी
बिहार-झारखंड सहित इन राज्यों में भी स्कूल बंद
कोरोना की आंधी के बाद महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, यूपी, बिहार और झारखंड में स्कूलों को बंद कर दिया गया है. बोर्ड परीक्षा मई महीने में होने वाली है, लेकिन मामले ऐसे ही बढ़े तो उसपर भी सीबीएसई सहित अन्य राज्यों के बोर्ड को पुनर्विचार करना पड़ सकता है.
Posted By : Rajneesh Anand
