पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी थाने में आग लगने से हेड कांस्टेबल झुलसे
दिल्ली के कल्याणपुरी थाने के पार्किंग क्षेत्र में आग लगने से दिल्ली पुलिस का एक हेड कांस्टेबल झुलस गए. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, थाने के पार्किंग क्षेत्र में आग लग गई, जिसके बाद दमकल विभाग को इसकी सूचना दी गई. शुरुआत में कुल सात वाहन आग की चपेट में आए. पूर्वी दिल्ली की पुलिस उपायुक्त प्रियंका कश्यप ने कहा कि बाद में आग आस-पास की कारों, ऑटोरिक्शा और वहां खड़ी मोटरसाइकिलों तक फैल गई. पुलिस उपायुक्त ने कहा कि इस घटना में रिजर्व फोर्स में तैनात पांचवीं बटालियन का हेड कांस्टेबल जितेंद्र झुलस गया. जितेंद्र को तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया. दमकल विभाग के कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया.